Chicago

Miss World 2025: थाईलैंड की Opal Suchata Chuangsri ने रचा इतिहास, 21 की उम्र में बनीं विजेता

Miss World 2025: थाईलैंड की Opal Suchata Chuangsri ने रचा इतिहास, 21 की उम्र में बनीं विजेता

थाईलैंड की 21 वर्षीय ओपल सुचाता चुऊंग्स्री ने मिस वर्ल्ड 2025 का ताज जीतकर न केवल अपने देश का नाम रोशन किया, बल्कि इतिहास में भी अपना नाम दर्ज करा लिया। 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले भारत के हैदराबाद में आयोजित हुआ।

Miss World 2025: 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता का भव्य समापन भारत के हैदराबाद में शनिवार को हुआ, लेकिन मेज़बान देश भारत को इस बार निराशा हाथ लगी। राजस्थान के कोटा की नंदिनी गुप्ता, जिनसे सभी को खिताब की बड़ी उम्मीदें थीं, टॉप 8 में भी जगह नहीं बना सकीं। इस बार मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंग्सरी ने अपने नाम किया।

ओपल सुचाता चुआंग्सरी को जब मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया, तो वे भावुक हो उठीं और दर्शकों ने खड़े होकर तालियों के साथ उनका स्वागत किया। प्रतियोगिता में मिस इथियोपिया दूसरे स्थान पर रहीं, मिस पोलैंड ने तीसरा और मिस मार्टिनिक ने चौथा स्थान हासिल किया।

बचपन से था मॉडलिंग का सपना

ओपल का जन्म 20 सितंबर 2003 को थाईलैंड के खूबसूरत शहर फुकेत में हुआ। उनका बचपन बेहद साधारण था, लेकिन सपने बड़े थे। उन्हें बचपन से ही फैशन और मॉडलिंग की दुनिया आकर्षित करती थी। यहीं से उनकी यात्रा शुरू हुई एक ऐसे मुकाम की ओर, जिसकी कल्पना उन्होंने स्कूल के दिनों में ही कर ली थी।

ओपल सिर्फ खूबसूरत ही नहीं, बेहद बुद्धिमान भी हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा काजोनकियतसुक्सा स्कूल से पूरी की और फिलहाल वह थाम्मसात यूनिवर्सिटी में राजनीति विज्ञान और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की पढ़ाई कर रही हैं। उन्हें थाई, अंग्रेजी और चीनी भाषाओं का अच्छा ज्ञान है, जो उन्हें एक वैश्विक मंच पर और अधिक सशक्त बनाता है।

संघर्ष से सफलता तक

ओपल की पेजेंट्री यात्रा की शुरुआत 2021 में हुई जब उन्होंने मिस रतनकोसीन प्रतियोगिता में भाग लिया। हालाँकि पहली बार में उन्हें सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। 2022 में उन्होंने मिस यूनिवर्स थाईलैंड में हिस्सा लिया और तीसरे स्थान पर रहीं। बाद में जब सेकंड रनर-अप ने प्रतियोगिता छोड़ दी, तो ओपल को दूसरा स्थान मिला।

इस अनुभव ने उन्हें और निखारा। 2024 में उन्होंने फिर से मिस यूनिवर्स थाईलैंड का ताज जीता और इस बार वे पूरे आत्मविश्वास के साथ अंतर्राष्ट्रीय मंच की ओर बढ़ीं। मिस वर्ल्ड थाईलैंड का खिताब जीतने के बाद ओपल को 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में थाईलैंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। ओपल केवल एक मॉडल नहीं हैं, वह एक बहुप्रतिभाशाली व्यक्तित्व हैं। उन्हें म्यूजिक का शौक है और खास बात यह है कि वे उल्टा गिटार भी बजा सकती हैं। इसके अलावा वह एक बेहद बड़ी एनिमल लवर भी हैं। उनके पास 16 बिल्लियाँ और 5 डॉग्स हैं, जिन्हें वह अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं।

मिस वर्ल्ड जीतकर रचा इतिहास

हैदराबाद में आयोजित 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में ओपल ने सभी चरणों में खुद को साबित किया। टैलेंट राउंड, स्पीकिंग सेशन और सोशल प्रोजेक्ट्स में उनकी प्रस्तुति शानदार रही। प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम में मिस इथियोपिया दूसरे स्थान पर रहीं, मिस पोलैंड तीसरे और मिस मार्टिनिक चौथे स्थान पर आईं। भारत की नंदिनी गुप्ता टॉप 8 में जगह नहीं बना सकीं, जिससे भारतीयों को थोड़ी निराशा जरूर हुई।

ओपल को विजेता के रूप में न केवल मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया, बल्कि उन्हें 8.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई। उनके माता-पिता थानेट डोंकमनेर्द और सुपात्रा चुआंग्स्री इस ऐतिहासिक पल में उनके साथ मौजूद थे और उनकी आंखों में गर्व और भावनाओं का सागर साफ झलक रहा था।

Leave a comment