Chicago

पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार बने UPSC चेयरमैन, जानिए उनके अनुभव से जुड़ी खास बातें

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) को अब नया नेतृत्व मिल गया है। केंद्र सरकार ने देश के पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को UPSC का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। 

UPSC Chairman: संघ लोक सेवा आयोग (Union Public Service Commission - UPSC) को आखिरकार नया नेतृत्व मिल गया है। केंद्र सरकार ने पूर्व रक्षा सचिव और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. अजय कुमार को UPSC का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद अजय कुमार ने इस प्रतिष्ठित पद की जिम्मेदारी संभाली है। यह पद 29 अप्रैल 2025 को खाली हुआ था जब तत्कालीन चेयरपर्सन प्रीति सूदन का कार्यकाल समाप्त हो गया था।

कौन हैं डॉ. अजय कुमार?

डॉ. अजय कुमार 1985 बैच के केरल कैडर के रिटायर्ड IAS अधिकारी हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। विशेष रूप से 23 अगस्त 2019 से 31 अक्टूबर 2022 तक वे भारत के रक्षा सचिव के पद पर रहे और इस दौरान उन्होंने रक्षा खरीद, स्वदेशी सैन्य तकनीक को बढ़ावा देने, और राष्ट्रीय सुरक्षा नीति के निर्माण में उल्लेखनीय योगदान दिया।

उनके नेतृत्व में रक्षा मंत्रालय ने कई बड़ी परियोजनाओं को गति दी, जिसमें 'मेक इन इंडिया' के तहत रक्षा उत्पादन को स्वदेशी बनाने की दिशा में कई कदम शामिल थे। उनका प्रशासनिक अनुभव, रणनीतिक समझ और तकनीकी दृष्टिकोण UPSC जैसे संस्थान के लिए बेहद मूल्यवान माने जा रहे हैं।

UPSC के चेयरमैन के रूप में कार्यकाल

कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, डॉ. अजय कुमार की नियुक्ति या तो 6 वर्षों के लिए की गई है या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक, जो भी पहले हो, तक वैध रहेगी। वर्तमान में आयोग में कुल 10 सदस्यों की व्यवस्था है, लेकिन दो पद रिक्त हैं जिन्हें जल्द भरा जाना अपेक्षित है। UPSC भारत की सबसे प्रतिष्ठित संवैधानिक संस्थाओं में से एक है, जो IAS, IPS, IFS, IRS जैसे शीर्ष पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन करती है। हर वर्ष लाखों युवा इस परीक्षा में सम्मिलित होते हैं। ऐसे में आयोग का कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध होना अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. अजय कुमार जैसे अनुभवी अधिकारी की नियुक्ति से आयोग की कार्यप्रणाली को और अधिक आधुनिक, तकनीकी रूप से उन्नत और पारदर्शी बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। साथ ही, परीक्षा प्रणाली में सुधार, डिजिटल प्रौद्योगिकी का अधिक प्रयोग और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए नए उपायों पर भी जोर दिया जा सकता है।

चेयरमैन की सैलरी कितनी होती है?

संघ लोक सेवा आयोग के चेयरमैन को मासिक वेतन ₹2,50,000 मिलता है, जो देश के शीर्ष संवैधानिक पदों में गिना जाता है। वहीं, UPSC के अन्य सदस्यों को ₹2,25,000 प्रति माह का वेतन मिलता है। यह वेतन संरचना राष्ट्रपति द्वारा निर्धारित होती है और इसमें कोई भत्ता शामिल नहीं होता। डॉ. अजय कुमार की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब UPSC परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्धता और निष्पक्षता को लेकर लगातार सुधार की जरूरत महसूस की जा रही है।

Leave a comment