AAP ने बिहार चुनाव 2025 की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। सौरभ भारद्वाज ने गठबंधन से इनकार कर भाजपा पर तीखा हमला बोला।
Bihar Election: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह राज्य की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। दिल्ली आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी और भाजपा की नीतियों के खिलाफ जनता का समर्थन जुटाएगी।
सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी AAP
आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि वह बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। यह ऐलान पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने 11 जून को किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने राज्य में मजबूत संगठन खड़ा किया है और अब वह पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरेगी।
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "बिहार में हमारी पार्टी अब परिपक्व हो चुकी है। लोगों में बदलाव की इच्छा है और हम वही विकल्प देने के लिए तैयार हैं। हमारा फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार मुक्त शासन पर रहेगा।"
गठबंधन से किया किनारा
AAP ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि वह किसी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने गठबंधन को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है और वह बिहार में independent रूप से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा, "हमने गुजरात उपचुनावों में गठबंधन धर्म निभाया, लेकिन कांग्रेस ने हमारे साथ न्याय नहीं किया। अब हम बिहार में किसी पर निर्भर नहीं रहेंगे। हमारी पार्टी अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी।"
कांग्रेस पर गंभीर आरोप
सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस पर विश्वासघात का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि गुजरात में जब उपचुनाव हुए, तो दोनों दलों के बीच यह समझ बनी थी कि जहां जो सीट जीती है, वहीं से वह दल चुनाव लड़ेगा। लेकिन कांग्रेस ने इस सहमति का उल्लंघन किया और AAP की जीती हुई सीट पर भी उम्मीदवार उतार दिया।
बिहार के लोगों के लिए बड़ी जिम्मेदारी
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा की नीतियों से बिहार के लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली और अन्य राज्यों में बिहार के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
"दिल्ली में जिन इलाकों में बिहार के लोग रहते हैं, वहां उनकी झुग्गियों को गिराया जा रहा है। यह एक तरह से उन्हें बिहार वापस भेजने की रणनीति है। अगर भाजपा बिहार के लोगों को मजबूरन वापस भेज सकती है, तो बिहार के लोग भी भाजपा को यहां से बाहर का रास्ता दिखा सकते हैं," उन्होंने कहा।
भाजपा पर झूठ फैलाने का आरोप
आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर "झूठ की राजनीति" करने का गंभीर आरोप लगाया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा का एकमात्र एजेंडा जनता को गुमराह करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक रूप से यह कहने के बाद कि किसी झुग्गी को नहीं तोड़ा जाएगा, अगले ही दिन करीब 800 झुग्गियों को गिरा दिया गया।