Columbus

Covid-19: देश में फिर से कोरोना की दस्तक, नए वेरिएंट से फैला संक्रमण, केंद्र-राज्य अलर्ट मोड पर

Covid-19: देश में फिर से कोरोना की दस्तक, नए वेरिएंट से फैला संक्रमण, केंद्र-राज्य अलर्ट मोड पर

देशभर में कोरोना वायरस के एक्टिव केस 4,000 के पार पहुंच चुके हैं। बीते 24 घंटे में 5 लोगों की मौत दर्ज की गई है, जिससे चिंताएं बढ़ी हैं। हालांकि ICMR (भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद) और स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है।

Coronavirus Update: देश एक बार फिर से कोविड-19 के खतरे की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। जहां बीते कुछ महीनों से संक्रमण के मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही थी, वहीं अब नए सब-वेरिएंट NB.1.8.1 के चलते केसों में अचानक तेजी आई है। बीते 24 घंटों में देशभर में कुल 4026 सक्रिय मामले सामने आए हैं और 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय और ICMR की ओर से दिए गए बयान के अनुसार, यह नया वेरिएंट तेजी से फैलने वाला है लेकिन इससे होने वाली बीमारी आमतौर पर हल्की है। फिर भी केंद्र और राज्य सरकारें किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

बढ़ते मामलों ने बढ़ाई चिंता

स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल जैसे राज्यों में कोविड-19 के केसों में इजाफा देखा गया है। महाराष्ट्र में 59 नए केस आए हैं, जिनमें से अकेले 20 मरीज मुंबई से हैं। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 800 के पार पहुंच गई है। कर्नाटक में 87 नए केस दर्ज किए गए, जिससे राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 311 हो गई है। पश्चिम बंगाल में 44 केस आए और वहां कुल 331 मरीज उपचाराधीन हैं।

5 मौतों ने फिर डराया

हालांकि संक्रमण के लक्षण हल्के बताए जा रहे हैं, फिर भी गंभीर मरीजों में जान का खतरा बना हुआ है। बीते 24 घंटे में कोरोना से 5 लोगों की मौत हुई है। केरल में 80 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा, जो कई बीमारियों से पीड़ित थे। महाराष्ट्र में 70 और 73 साल की दो महिलाओं की मौत हुई, दोनों को मधुमेह और उच्च रक्तचाप था। 

तमिलनाडु में 69 वर्षीय महिला की मृत्यु हुई, जिन्हें टाइप 2 डायबिटीज और पार्किंसन था। वहीं पश्चिम बंगाल में 43 साल की एक महिला की मौत हुई, जो पहले से ही गंभीर हृदय और किडनी संबंधित समस्याओं से जूझ रही थीं।

नया वेरिएंट: तेजी से फैलने वाला, लेकिन हल्का

ICMR की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार संक्रमण ओमिक्रॉन के NB.1.8.1 वेरिएंट के कारण हो रहा है। यह वेरिएंट अत्यंत संक्रामक है, लेकिन लक्षण बेहद हल्के होते हैं। संक्रमित लोगों में सामान्य रूप से बुखार, गले में खराश, खांसी, नाक बहना, बदन दर्द और सिरदर्द जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। ये लक्षण मौसमी फ्लू से मिलते-जुलते हैं, जिससे पहचान में भी कठिनाई हो सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कोविड-19 की वैक्सीन अब भी एक मजबूत सुरक्षा कवच है। वैक्सीन गंभीर लक्षणों से बचाती है और हर्ड इम्युनिटी बनाने में भी मदद करती है। ICMR ने दोबारा टीकाकरण अभियान को बल देने की बात कही है, खासकर बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए।

केंद्र और राज्य सरकारों की तैयारी

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को स्वास्थ्य ढांचे की दोबारा समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ऑक्सीजन सिलेंडर, दवाएं, PPE किट्स और आईसीयू बेड की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा है कि देश किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Leave a comment