Chicago

MP News: पीएम मोदी का कल भोपाल दौरा! महिला शक्ति महाकुंभ में होंगे शामिल, जानें कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

MP News: पीएम मोदी का कल भोपाल दौरा! महिला शक्ति महाकुंभ में होंगे शामिल, जानें कार्यक्रम का पूरा शेड्यूल

भोपाल में महिला शक्ति महाकुंभ में पीएम मोदी शामिल होंगे। महिलाओं को संबोधित करेंगे, देवी अहिल्याबाई पर डाक टिकट जारी करेंगे, मेट्रो प्रोजेक्ट, एयरपोर्ट और अन्य विकास योजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

MP: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 जून 2024 को महिला सशक्तिकरण को समर्पित देश के सबसे बड़े सम्मेलन में शामिल होंगे। यह आयोजन भोपाल के जंबूरी मैदान में होगा, जहां करीब दो लाख से अधिक महिलाएं मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम का संचालन, सुरक्षा और प्रबंधन पूरी तरह से महिलाओं के हाथ में होगा, जिससे यह आयोजन और भी खास बन जाता है।

पीएम मोदी भोपाल में महिलाओं को करेंगे संबोधित

प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11 बजे भोपाल पहुंचेंगे और करीब दो घंटे तक कार्यक्रम में रहेंगे। जंबूरी मैदान में आयोजित इस महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में पीएम मोदी करीब 45 मिनट तक महिलाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह दोपहर 1 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

महिला शक्ति को मिलेगा मंच

यह पहली बार है जब प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं के हाथों में होगी। सुरक्षा की कमान मध्यप्रदेश की स्पेशल डीजी सोनाली मिश्रा को दी गई है। कार्यक्रम स्थल पर हेलिपैड से लेकर मंच संचालन, साइट मैनेजमेंट, और लॉजिस्टिक्स तक हर व्यवस्था महिलाएं ही संभालेंगी। पीएम मोदी के लिए तीन हेलिपैड बनाए गए हैं, जिससे उनकी यात्रा आसान रहे। खराब मौसम की स्थिति में सड़क मार्ग से यात्रा का विकल्प भी रखा गया है।

पीएम मोदी देंगे कई बड़े तोहफे

प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में कई अहम घोषणाएं और उद्घाटन करेंगे। इसमें शामिल हैं:

  • लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर पर डाक टिकट और स्मृति सिक्का का विमोचन।
  • देवी अहिल्याबाई पुरस्कार वितरण: आदिवासी, लोक और पारंपरिक कला में योगदान देने वाली महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
  • देवी अहिल्याबाई के सुशासन और सांस्कृतिक योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन।
  • इंदौर मेट्रो सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर का वर्चुअल शुभारंभ।
  • दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण।
  • सिंहस्थ 2028 के तहत शिप्रा नदी पर 29 किमी लंबे घाट (778.91 करोड़ की लागत) का भूमिपूजन।
  • 80 करोड़ से अधिक के बैराज, स्टॉप डैम और वेटेड काजवे निर्माण कार्यों की शुरुआत (धार, उज्जैन, इंदौर, देवास सहित)।

वर्चुअल कार्यक्रमों में भी दिखेगा जोरदार उत्साह

भोपाल के अलावा इंदौर, उज्जैन, सतना और दतिया में भी वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इन जगहों पर संबंधित विभागीय मंत्री, प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

भोपाल के कार्यक्रम में शामिल होंगे 238 विशिष्ट लोग

भोपाल के जंबूरी मैदान में होने वाले इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में 238 विशिष्ट व्यक्तियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में शामिल होने वाली महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हुई हैं, जिनमें सामाजिक कार्यकर्ता, महिला उद्यमी, छात्राएं और अन्य संगठनों की महिलाएं शामिल हैं।

पीएम मोदी के भाषण में क्या हो सकता है खास?

प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में महिला सशक्तिकरण को लेकर कई बड़ी बातें सामने आ सकती हैं। सरकार की ओर से महिलाओं के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की चर्चा, उनके अधिकारों को मजबूत करने की योजनाएं, और भविष्य की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों पर प्रधानमंत्री अपने विचार रख सकते हैं।

Leave a comment