उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। जहां दिल्ली-NCR में अगले दो दिन उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहेंगे, वहीं उत्तर प्रदेश और बिहार में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे गिरने की संभावना जताई जा रही है।
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिन मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे उमस भरी गर्मी लोगों को खासा परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज, 28 और 29 मई को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
गर्मी के इस प्रकोप के बाद 30 मई से मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। 30 और 31 मई को हल्की बारिश और तेज आंधी का पूर्वानुमान है। आंधी के दौरान हवाओं की गति 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है, जिससे मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR: राहत से पहले दो दिन उमस का कहर
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-NCR में 28 और 29 मई को मौसम शुष्क रहेगा और आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन नमी के चलते उमस काफी बढ़ेगी जिससे अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। न्यूनतम तापमान भी 26 से 28 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। इस दौरान एयर क्वालिटी भी खराब श्रेणी में रह सकती है जिससे सांस लेने में परेशानी हो सकती है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 और 31 मई को दिल्ली-NCR में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। आंधी के दौरान हवाओं की गति 30 से 60 किमी/घंटा तक हो सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश: कुछ जिलों में बारिश, बाकी में लू जैसे हालात
उत्तर प्रदेश में मौसम दो हिस्सों में बंटा नजर आएगा। पूर्वी जिलों जैसे बलिया, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, बस्ती और मऊ में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, वाराणसी, मिर्जापुर और गाजीपुर जैसे जिलों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ आंधी की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे लू का असर दिखेगा।
बिहार: आंशिक राहत के संकेत, गर्मी से निजात नहीं
बिहार में भी मौसम में आंशिक बदलाव के संकेत मिले हैं। राजधानी पटना समेत उत्तर बिहार के जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि बारिश का असर व्यापक नहीं होगा और अधिकतर क्षेत्रों में अगले चार दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मधेपुरा और भागलपुर जैसे जिलों में तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी और किशनगंज में बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।
उत्तराखंड: पहाड़ी क्षेत्रों में येलो अलर्ट, तेज बारिश की आशंका
उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कहीं-कहीं झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इससे विशेषकर पर्वतीय मार्गों पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
राजस्थान: धूलभरी आंधी और तापमान का दोहरा हमला
राजस्थान के मौसम में दोहरा प्रभाव देखने को मिलेगा। एक तरफ जहां कई क्षेत्रों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना है, वहीं दूसरी ओर तापमान में भी तेजी से वृद्धि का अनुमान है। 28 से 29 मई के बीच इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी/घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 46 डिग्री तक जा सकता है।