आम आदमी पार्टी (AAP) ने घोषणा की है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। यह घोषणा तरैया से पार्टी के संभावित उम्मीदवार मनोरंजन सिंह ने जनसंपर्क अभियान के दौरान की।
Bihar Election 2025: बिहार की सियासी फिज़ा में अब एक नई ताक़त ने दस्तक दे दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी ने घोषणा की है कि वह राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। यह एलान तरैया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेश संयुक्त सचिव और तरैया से संभावित उम्मीदवार मनोरंजन सिंह ने किया।
मनोरंजन सिंह ने कहा कि बिहार अब बदलाव की राह पर है और लोग पारंपरिक दलों से ऊब चुके हैं। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारों द्वारा चलाए गए शिक्षा, स्वास्थ्य और लोककल्याण से जुड़े कार्यों को मिसाल बताते हुए कहा कि बिहार की जनता भी अब ऐसी ही जवाबदेह और साफ़-सुथरी राजनीति की उम्मीद कर रही है।
मनोरंजन सिंह: तरैया से बदलाव का चेहरा
तरैया विधानसभा से आम आदमी पार्टी के संभावित उम्मीदवार के तौर पर मनोरंजन सिंह ने अपने व्यापक जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर उन्होंने जनता से संवाद किया और उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा, मैं कोई पेशेवर राजनेता नहीं हूं, मैं एक आम नागरिक हूं जो बदलाव की लड़ाई लड़ने निकला है।
जिस तरह दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक ने स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति लाई, जिस तरह शिक्षा में सरकारी स्कूलों की कायापलट हुई, वैसी ही क्रांति हम बिहार में लाना चाहते हैं।
AAP की नीतियों को मिल रहा जनसमर्थन
मनोरंजन सिंह के जनसंपर्क अभियान के दौरान दर्जनों गांवों में स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और झाड़ू को समर्थन देने का भरोसा जताया। इसुआपुर, पचरौड़, रसौली, चंदौली जैसे गांवों में हुई सभाओं में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की अच्छी भागीदारी देखी गई। सभा में लोगों ने कहा कि वे वर्षों से एक जैसे वादे सुनते आ रहे हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं बदला। अब वे एक ऐसे विकल्प की तलाश में हैं जो पारदर्शी, जवाबदेह और ज़मीन से जुड़ा हो।
AAP के प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव के नेतृत्व में पार्टी ने राज्य की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पार्टी का मानना है कि दिल्ली और पंजाब में उसकी सफलता का मॉडल बिहार में भी लागू किया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगस्त तक सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी। पार्टी खासतौर पर युवाओं, महिलाओं, शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को टिकट देने पर जोर दे रही है।
विकास का एजेंडा लेकर मैदान में AAP
तरैया में आयोजित बैठक में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आम आदमी पार्टी के प्रति उत्साह दिखाया। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अब तक कई दलों को आज़मा लिया लेकिन कोई खास परिवर्तन नहीं देखा। आम आदमी पार्टी ने जो दिल्ली और पंजाब में कर दिखाया है, वही अगर बिहार में भी लागू हो सके तो राज्य की सूरत बदल सकती है।
मनोरंजन सिंह ने साफ कहा कि पार्टी की प्राथमिकताएं बिलकुल स्पष्ट हैं—शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं को रोजगार, भ्रष्टाचार मुक्त शासन और महिला सुरक्षा। उन्होंने कहा कि अगर हमें मौका मिला, तो तरैया को एक मॉडल विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे, जहां हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं सम्मानपूर्वक मिलेंगी।