देश में कोरोना केस बढ़कर 3758 हो गए हैं। 24 घंटे में 363 नए केस और दो मौतें हुईं। केरल में 24 वर्षीय युवती और कर्नाटक में 63 वर्षीय बुजुर्ग की मौत। सतर्क रहने की सलाह।
Corona Case: देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में एक्टिव कोविड केस की संख्या बढ़कर 3758 हो गई है। बीते 24 घंटे के दौरान 363 नए मरीज सामने आए हैं। हालांकि, इसी दौरान 1818 मरीजों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से डिस्चार्ज भी कर दिया गया है। संक्रमण की वजह से दो और मरीजों की मौत हुई है। इनमें एक कर्नाटक के 63 वर्षीय बुजुर्ग और दूसरी केरल की 24 वर्षीय युवती हैं। कर्नाटक के मरीज को पहले से ही अन्य गंभीर बीमारियां थीं।
एक्टिव केस में इजाफा, कहां कितने मामले
देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। केरल में सबसे ज्यादा एक्टिव केस 1400 हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 485, दिल्ली में 436, कर्नाटक में 238, पश्चिम बंगाल में 287, गुजरात में 320 और तमिलनाडु में 199 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में 149, राजस्थान में 62, हरियाणा में 30, आंध्र प्रदेश में 23, मध्य प्रदेश में 19, पंजाब में 6, जम्मू-कश्मीर में 6 और झारखंड में 6 मरीज कोरोना संक्रमण से जूझ रहे हैं।
24 घंटे में किन राज्यों में मिले नए केस
बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा नए मामले पश्चिम बंगाल (82) और केरल (64) में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली में 61, गुजरात में 55, उत्तर प्रदेश में 32, महाराष्ट्र में 18, तमिलनाडु में 14, आंध्र प्रदेश में 6, पुडुचेरी में 4, हरियाणा में 4, कर्नाटक में 4, मध्य प्रदेश में 3, असम में 3, सिक्किम में 3, ओडिशा में 2, गोवा में 2, राजस्थान में 2, पंजाब में 1 और उत्तराखंड में 1 नया केस सामने आया है।
पिछले हफ्ते की स्थिति और मौजूदा हालात
पिछले सप्ताह के मुकाबले कोरोना मामलों में तेजी से इजाफा देखा गया है। 22 मई को देश में एक्टिव केस सिर्फ 257 थे। 26 मई को यह आंकड़ा बढ़कर 1,010 पर पहुंच गया और 1 जून तक यह बढ़कर 3,758 हो गया है। शनिवार को देशभर में एक्टिव केस की संख्या 3,395 थी। उस दिन 24 घंटे के भीतर 685 नए केस दर्ज किए गए थे और चार मरीजों की मौत हुई थी। अब 24 घंटे में 363 नए केस और दो मौतों की पुष्टि हुई है।
कोविड की गंभीरता पर सरकार की नजर
स्वास्थ्य मंत्रालय और ICMR के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है। संक्रमण की गंभीरता ज्यादा नहीं है और अधिकांश मरीज घर पर ही क्वारंटीन में रहकर इलाज करवा रहे हैं। अस्पताल में भर्ती होने की दर भी कम है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के महानिदेशक डॉ. राजीव बेहल ने बताया कि देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों से लिए गए सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग में पाया गया है कि वर्तमान में सामने आ रहे मामले ओमिक्रॉन वेरिएंट के ही सबवेरिएंट्स से जुड़े हुए हैं। इनमें LF.7, XFG, JN.1 और NB.1.8.1 नामक सबवेरिएंट्स शामिल हैं। इनमें से LF.7, XFG और JN.1 सबसे ज्यादा मामलों में पाए गए हैं।
घबराने की जरूरत नहीं, सतर्क रहना जरूरी
डॉ. राजीव बेहल ने कहा कि इन वेरिएंट्स के चलते संक्रमण का खतरा उतना गंभीर नहीं है जितना पहले था। फिलहाल मामलों में बढ़ोतरी जरूर देखी जा रही है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। हमें सतर्क रहना चाहिए और किसी भी तरह की लापरवाही से बचना चाहिए। मास्क पहनना, हाथों की सफाई और भीड़भाड़ से बचना अभी भी जरूरी है।