भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने के लिए रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर रही हैं। 12 से 14 सितंबर, 2025 न्यूयॉर्क के लिंकन सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स में ‘इंडिया वीकेंड’ नामक तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन होगा।
नई दिल्ली: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन और मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी हमेशा ही समाज सेवा और कला-संस्कृति के क्षेत्र में अपने योगदान को लेकर चर्चा में रहती हैं। साल 2023 में उन्होंने ‘नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंट्रल’ के उद्घाटन के माध्यम से कला और संस्कृति को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया था। अब एक बार फिर नीता अंबानी ने भारत की समृद्ध कला, संस्कृति, परंपराओं और विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
भारतीय संस्कृति का एक नया वैश्विक मंच
नीता अंबानी, जो हमेशा से भारतीय कला और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत रही हैं, ने इस कार्यक्रम के जरिए विश्वभर में भारतीयता का एक नया चेहरा पेश करने का संकल्प लिया है। उनका मानना है कि संस्कृति लोगों को जोड़ती है और इसी भाव के साथ उन्होंने ‘इंडिया वीकेंड’ को दुनिया की रचनात्मक कल्पना के केंद्र में लाने का लक्ष्य रखा है। लिंकन सेंटर जैसे प्रतिष्ठित मंच पर भारतीय कला का यह संगम भारतीय सभ्यता को एक नई ऊंचाई देगा।
इस आयोजन के तीन दिन भर में संगीत, नृत्य, थिएटर, फैशन और खान-पान के रंग बिखेरने की तैयारियां जोरों पर हैं। पहला दिन एक भव्य स्वागत समारोह के साथ शुरू होगा, जिसमें देश-विदेश से आमंत्रित विशेष अतिथि मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर अंबानी के हैंडलूम ब्रांड ‘स्वदेश’ के लिए मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किए गए विशेष परिधान प्रस्तुत किए जाएंगे।
भारतीय फैशन की समृद्ध विरासत और आधुनिकता का संगम दिखाएगा यह फैशन शो, जो दुनिया को भारतीय क्राफ्ट्स और डिजाइनों की अनोखी खूबसूरती से रूबरू कराएगा।
संगीत और नृत्य का विश्वस्तरीय मेला
‘इंडिया वीकेंड’ में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक शंकर महादेवन और श्रेया घोषाल अपनी मधुर आवाज़ से श्रोताओं का मन मोहेंगे। इसके अलावा शास्त्रीय संगीत के उभरते सितारे ऋषभ शर्मा भी अपनी प्रस्तुतियों से भारतीय शास्त्रीय संगीत की गहराई को प्रदर्शित करेंगे। नृत्य और थिएटर की प्रस्तुतियां इस महोत्सव को और भी यादगार बनाएंगी।
इस आयोजन में भारत के प्रसिद्ध शेफ विकास खन्ना भी हिस्सा लेंगे, जो अमेरिकी दर्शकों को भारतीय व्यंजनों के असली स्वाद से परिचित कराएंगे। उनकी व्यंजन प्रस्तुतियां भारतीय खाद्य संस्कृति की समृद्धि को दर्शाएंगी। इसके साथ ही पारंपरिक शिल्प और हस्तकला की विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिससे दुनिया को भारत के विविध सांस्कृतिक रंगों की जानकारी मिलेगी।
‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल’ से इतिहास की जीवंत झलक
कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण होगा ‘द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल: सिविलाइजेशन टू नेशन’, जिसका निर्देशन मशहूर थिएटर निर्देशक फिरोज अब्बास खान कर रहे हैं। यह म्यूजिकल 7,000 वर्षों से भी अधिक पुराने भारतीय इतिहास को नाटकीय रूप में पेश करेगा। 100 से अधिक कलाकारों के साथ यह मंचीय प्रस्तुति भारतीय सभ्यता के विभिन्न चरणों, विरासतों और सांस्कृतिक समृद्धि को विश्व के सामने जीवंत करेगी।
नीता अंबानी का यह प्रयास सिर्फ एक सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत के कला और संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उनका मानना है कि जब भारतीय संस्कृति को सही मंच मिलेगा तो यह दुनिया के लिए प्रेरणा और सीख का स्रोत बनेगी।