मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंच से RSS से अपने जुड़ाव की बात स्वीकारते हैं। कांग्रेस में हलचल तेज।
MP News: मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार का एक बयान सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुले तौर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से अपने जुड़ाव की बात स्वीकारते हैं। यह बयान तब और चौंकाने वाला है जब कांग्रेस नेतृत्व बार-बार RSS की विचारधारा की आलोचना करता रहा है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
कांग्रेस विधायक का वायरल बयान
मध्य प्रदेश के सुनसेर सीट से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चाओं में हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में वे सार्वजनिक मंच से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की सराहना करते और खुद को उससे जुड़ा हुआ बताते नजर आ रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा, “कांग्रेस का विधायक होते हुए भी मैं संघ से जुड़ा हूं।”
कब और कहां दिया बयान?
यह वीडियो आगर-मालवा क्षेत्र में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम का है, जिसमें विधायक भैरो सिंह परिहार मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। जब उन्हें मंच पर दो शब्द बोलने के लिए बुलाया गया, तो उन्होंने अपनी बातों की शुरुआत RSS की तारीफ से की।
उन्होंने कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष जी और आप सब जितने भी लोग यहां बैठे हो, आप भी यह सोचते होंगे कि आप कांग्रेस के नेता तो नहीं क्योंकि आप संघ से जुड़े हुए हो। मैं आपका सम्मान करता हूं। संघ से मैं भी जुड़ा हुआ हूं। कांग्रेसी होते हुए भी संघ के कई पदाधिकारी मेरे परिचित हैं और संघ के लिए मैंने इतना काम किया है।"
संघ से संबंधों का खुला कबूलनामा
परिहार ने अपने संबोधन में साफ-साफ कहा कि संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी उनके अच्छे परिचित हैं और वे लंबे समय से उनसे जुड़े रहे हैं। यह भी दावा किया गया कि उन्होंने कई बार संघ के लिए जमीन पर काम भी किया है।
उनके मुताबिक, “मैंने दो साल पहले भी एक राजनीतिक विवाद में समझौता करवाया था, जब गरोठ सीट के विधायक को पुलिस उठा ले गई थी। तब मुख्यमंत्री से मिलकर मैंने मामला सुलझाया।”
कांग्रेस में मचा सियासी घमासान
परिहार के इस बयान से कांग्रेस पार्टी में अंदरूनी हलचल मच गई है। पार्टी के कई नेता इस पर असहज महसूस कर रहे हैं, खासकर तब जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद सार्वजनिक मंचों से RSS की विचारधारा को लोकतंत्र के खिलाफ बताते रहे हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता बार-बार संघ को देश के विविधतापूर्ण ताने-बाने के लिए ख़तरा बताते रहे हैं। लेकिन अब जब खुद कांग्रेस के एक विधायक ने संघ के साथ अपनी नजदीकियों का खुलकर एलान किया है, तो यह पार्टी की विचारधारा और अनुशासन पर भी सवाल खड़े करता है।