ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स ने रिलायंस इंडस्ट्रीज को अपनी एशिया पैसिफिक कन्विक्शन लिस्ट में शामिल किया है। कंपनी की मजबूत आय वृद्धि, रिफाइनिंग और रिटेल कारोबार में सुधार, टेलीकॉम टैरिफ में संभावित वृद्धि और ऊर्जा क्षेत्र में विस्तार को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि आने वाले 12 महीनों में रिलायंस का स्टॉक लगभग 17.5% तक बढ़ सकता है।
रिलायंस को मिला गोल्डमैन का समर्थन
गोल्डमैन सैक्स ने मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) को अपनी "एशिया पैसिफिक कन्विक्शन लिस्ट" में शामिल किया है। यह सूची उन स्टॉक्स की होती है, जिन्हें ब्रोकरेज उच्च संभावनाओं वाले निवेश विकल्प के रूप में देखता है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की आय, मुनाफे और वैल्यूएशन में उल्लेखनीय सुधार की संभावना है।
ब्रोकरेज के विश्लेषक निखिल भंडारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026 तक रिलायंस के EBITDA में 16% तक की वृद्धि संभावित है, जबकि FY25 में यह वृद्धि केवल 2% रहने का अनुमान है। साथ ही, कंपनी की पूंजी पर रिटर्न (CROCI) FY27 तक बढ़कर 11% तक पहुंच सकता है।
विकास की चार प्रमुख वजहें
1. रिफाइनिंग कारोबार में मजबूती:
गोल्डमैन सैक्स के अनुसार, वैश्विक स्तर पर रिफाइनिंग क्षमता में कमी, कुछ परियोजनाओं में देरी और उन्नत रिफाइनिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते रिलायंस के रिफाइनिंग बिजनेस को लाभ हो रहा है। हल्के और भारी कच्चे तेल के मूल्य अंतर ने कंपनी के मार्जिन को बेहतर किया है।
2. रिटेल सेगमेंट में रिकवरी:
ब्रोकरेज का मानना है कि रिलायंस का रिटेल कारोबार लगभग 15% की दर से फिर से बढ़ने लगेगा। जियोमार्ट जैसे प्लेटफॉर्म्स और तेज़ डिलीवरी सेवाओं पर फोकस के चलते, रिटेल कारोबार में सकारात्मक रुझान देखने को मिल सकता है।
3. टेलीकॉम टैरिफ में संभावित वृद्धि:
गोल्डमैन को उम्मीद है कि FY26 की दूसरी छमाही में रिलायंस जियो मोबाइल सेवाओं की कीमतें बढ़ा सकती है। इससे ARPU (Average Revenue per User) में मार्च 2026 तक 14% की वृद्धि संभव है, जो 236 रुपये प्रति उपयोगकर्ता हो सकता है। साथ ही, टेलीकॉम सेगमेंट का EBITDA 23% तक बढ़ सकता है।
4. ऊर्जा क्षेत्र में विस्तार:
रिलायंस वर्ष 2026 से अपने नए एनर्जी प्रोजेक्ट्स का संचालन शुरू कर सकती है। इनमें 10 गीगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन और 30 GWh बैटरी व सेल निर्माण क्षमता शामिल है। ब्रोकरेज का मानना है कि यह दीर्घकालिक मूल्य सृजन में सहायक हो सकता है।
शेयर मूल्य और वैल्यूएशन का आकलन
गोल्डमैन सैक्स का अनुमान है कि अगले 12 महीनों में रिलायंस का शेयर मूल्य बढ़कर ₹1,660 तक जा सकता है, जो वर्तमान भाव से लगभग 17.5% अधिक है। उन्होंने यह भी कहा कि स्टॉक अभी EV/EBITDA जैसे मूल्यांकन मापदंडों पर ऐतिहासिक औसत से सस्ती दर पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा, रिलायंस के शेयर कोविड के बाद से अपनी नेट एसेट वैल्यू पर सबसे बड़ी छूट पर मूल्यांकनित हैं।
ब्रोकेज ने यह भी स्पष्ट किया कि बियर केस (नकारात्मक स्थिति) में स्टॉक 11% तक गिर सकता है, जबकि बुल केस (सकारात्मक स्थिति) में यह 61% तक चढ़ सकता है।
निवेश से पहले सलाह आवश्यक
यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है। इसमें दी गई जानकारी गोल्डमैन सैक्स और अन्य विश्लेषकों की राय पर आधारित है। निवेश से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने से पहले प्रमाणित निवेश सलाहकार से सलाह लेना अनिवार्य है।