Pune

Assembly By-election 2025: बंगाल-गुजरात समेत 4 राज्यों में उपचुनाव की वोटिंग जारी, जानें कब आएंगे नतीजें

Assembly By-election 2025: बंगाल-गुजरात समेत 4 राज्यों में उपचुनाव की वोटिंग जारी, जानें कब आएंगे नतीजें

गुजरात, केरल, पंजाब और बंगाल की 5 विधानसभा सीटों पर 19 जून को उपचुनाव हो रहे हैं। सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। नतीजे 23 जून को घोषित किए जाएंगे। प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला है।

Assembly By-election 2025: देश के चार राज्यों - गुजरात, पश्चिम बंगाल, पंजाब और केरल में विधानसभा उपचुनाव 2025 के तहत आज 19 जून को मतदान शुरू हो गया है। इन राज्यों की कुल पांच विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने-अपने क्षेत्रों में वोट डालने के लिए पहुंचने लगे। इन उपचुनावों के नतीजे 23 जून 2025 को घोषित किए जाएंगे।

केरल की नीलांबुर सीट पर कांटे की टक्कर

केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आज सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। नीलांबुर के वीट्टीकुथ स्थित सरकारी लोअर प्राइमरी स्कूल में मॉक पोलिंग के बाद मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई। इस सीट पर तीन प्रमुख दल आमने-सामने हैं। सत्तारूढ़ एलडीएफ (LDF) ने एम स्वराज को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ (UDF) ने आर्यदान शौकत को मैदान में उतारा है। भाजपा ने एडवोकेट मोहन जॉर्ज को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट कांग्रेस विधायक के निधन के बाद खाली हुई थी।

पंजाब के लुधियाना पश्चिम में जोरदार मुकाबला

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट के लिए भी आज मतदान हो रहा है। यहां के एक मतदान केंद्र पर भी मॉक पोलिंग के बाद सुबह सात बजे से मतदान की शुरुआत हुई। आम आदमी पार्टी ने यहां से संजीव अरोड़ा को टिकट दिया है। कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता भारत भूषण आशु को उम्मीदवार बनाया है। वहीं भाजपा ने जीवन गुप्ता को और शिरोमणि अकाली दल ने परुपकार सिंह घुम्मन को मैदान में उतारा है। लुधियाना की यह सीट कांग्रेस विधायक के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। यहां आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

पश्चिम बंगाल के कालीगंज में BJP-TMC आमने-सामने

पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। देबग्राम डीके गर्ल्स हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र संख्या 171 पर पीठासीन अधिकारी प्रद्युत मल्लिक ने बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हैं। इस सीट पर कुल 1174 पंजीकृत मतदाता हैं। मॉक पोलिंग के बाद मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है।

कालीगंज में त्रिकोणीय मुकाबला है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अलीफा अहमद को टिकट दिया है। भाजपा ने आशीष घोष को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने काबिल उद्दीन शेख को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट टीएमसी विधायक के निधन के बाद रिक्त हुई थी।

गुजरात में दो सीटों पर हो रहा है उपचुनाव

गुजरात में विधानसभा उपचुनाव के अंतर्गत दो सीटों - विसावदर और कड़ी में आज मतदान हो रहा है। इन दोनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है। विसावदर सीट पर भाजपा ने अपने पुराने संगठनात्मक चेहरे को मैदान में उतारा है जबकि कांग्रेस ने नए युवा नेता को टिकट दिया है। वहीं कड़ी सीट पर भी भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी की भी उपस्थिति देखी जा रही है, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है। दोनों ही सीटें भाजपा विधायकों के इस्तीफे या निधन के बाद खाली हुई थीं।

चुनाव आयोग ने किए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

चुनाव आयोग ने सभी पांचों सीटों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। वहीं, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। मतदान केंद्रों पर CCTV कैमरे और लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है।

23 जून को आएंगे नतीजे

इन पांचों विधानसभा सीटों पर मतदान प्रक्रिया आज शाम तक चलेगी। इसके बाद बैलेट बॉक्स और ईवीएम को सुरक्षित रूप से सील कर स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। इन उपचुनावों की मतगणना 23 जून 2025 को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Leave a comment