भूल से भी ना लगाएं घर पर ये पौधे, परिवार को हो सकता है भारी नुकसान
घर में पेड़ पौधे लगाने से वातावरण शुद्ध होता है और घर देखने में भी सुंदर लगता है। कई लोग घर के सामने बगीचा बनाते हैं, तो कुछ छत पर या बालकनी में गमले में पौधे लगाते हैं। घर में पेड़ लगाने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और घर में सुख और शांति बनी रहती है। लेकिन बिना जानकारी के किसी भी पेड़ को घर पर लगाना हानिकारक हो सकता है।
घर में पेड़ लगाते समय सही पेड़ का चुनाव करना बहुत जरूरी है। वास्तु के अनुसार कुछ पेड़ों को घर पर लगाने से नकारात्मक प्रभाव जीवन पर पड़ता है। वास्तु शास्त्र में पॉजिटिव और निगेटिव एनर्जी का बहुत बड़ा महत्व होता है। यह बताता है कि घर और ऑफिस में क्या करने से खुशहाली और पॉजिटिव एनर्जी आ सकती है और क्या करने से चीज़ें निगेटिव हो सकती हैं। सही स्थान को भी वास्तु में बहुत महत्व दिया जाता है। जानिए ऐसे कौन से पेड़ हैं जिन्हें भूलकर भी घर पर नहीं लगाना चाहिए।
घर पर ना लगाएं कांटेदार पौधे
घर पर पौधे लगाते समय ध्यान रखें कि पौधे कांटेदार बिल्कुल ना हों। कई लोगों को कैक्टस पसंद होता है और वे इसे घर पर लगा लेते हैं। अगर आपके घर में भी कैक्टस है, तो उसे आज ही हटा दें। कांटेदार पौधे घर पर लगाने से घर के सदस्यों में तनाव और कलह हो सकती है।
दूध वाले पौधे लगाने से बचें
जिन पौधों की टहनियों को तोड़ने से दूध निकलता है, उन्हें लगाने से बचना चाहिए। वास्तु के अनुसार ऐसे पौधों को घर पर लगाने से सेहत पर खराब असर पड़ता है। इसके अलावा आम, जामुन, बबूल और केला का पेड़ भी घर पर नहीं लगाना चाहिए।
इमली का पेड़
खट्टी इमली खाना किसे पसंद नहीं होता, लेकिन इमली का पेड़ घर पर लगाने से तरक्की में रुकावटें आ सकती हैं। इसके साथ ही परिवार के सदस्य बीमारी की चपेट में आ सकते हैं। इसलिए इमली का पेड़ घर पर न लगाएं।
ये पौधे लगाना है शुभ
घर के बगीचे में हमेशा खुशबूदार पौधे ही लगाएं। इनमें चमेली, चंपा और रातरानी शामिल हैं। ये सभी पौधे घर के लिए शुभ होते हैं। घर के आंगन में तुलसी का पौधा लगाना शुभ माना जाता है। यह वायु प्रदूषण को भी कम करता है। इसे घर की उत्तर दिशा, उत्तर-पूर्व, पूर्व दिशा या फिर आंगन के बीचोंबीच लगाना ज्यादा बेहतर होता है।
इस तरह के पौधे घर में लाते हैं सुख-समृद्धि
घर में मनी प्लांट, तुलसी आदि पौधों को लगाया जा सकता है। ये अच्छे माने जाते हैं। आप घर में ऑर्किड्स और अन्य फूलों और फलों वाले पौधे भी लगा सकते हैं। इनसे पॉजिटिव एनर्जी आती है।