Chicago

मणिपुर में खत्म होगा राष्ट्रपति शासन? BJP विधायकों की अहम बैठक में हुई चर्चा

मणिपुर में खत्म होगा राष्ट्रपति शासन? BJP विधायकों की अहम बैठक में हुई चर्चा

मणिपुर में BJP के 23 विधायकों ने सरकार बनाने पर चर्चा के लिए बैठक की। मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच संवाद बढ़ाने, शांति दूत की नियुक्ति और निरस्त्रीकरण पर जोर दिया।

Manipur: मणिपुर की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। शुक्रवार को BJP के 23 विधायकों ने इम्फाल के पूर्व मंत्री थोंगम विश्वजीत सिंह के आवास पर बैठक की, जिसमें सरकार बनाने की संभावनाओं और राज्य में शांति बहाल करने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक को राज्य की राजनीतिक स्थिरता और विकास के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।

BJP विधायकों ने उठाए महत्वपूर्ण मुद्दे

इस बैठक में विधायकों ने माना कि राज्य में पिछले कुछ समय से राजनीतिक गतिरोध और तनाव बना हुआ है, जिसे जल्द से जल्द खत्म करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे व्यक्तिगत फायदे से ऊपर उठकर मणिपुर की जनता के हित में काम करेंगे। भाजपा नेता थोकचोम राधेश्याम ने भी कहा था कि 44 विधायक सरकार बनाने को तैयार हैं, हालांकि इस समूह में कुछ विधायक अभी शामिल नहीं हैं।

साम्प्रदायिक तनाव खत्म करने की योजना

बैठक में यह भी तय किया गया कि मैतेई और कुकी-जो समुदायों के बीच चल रहे तनाव को खत्म करने के लिए एक तटस्थ संवाद मंच बनाया जाए। इसके साथ ही राज्यपाल और केंद्र सरकार से शांति दूत या सम्मानित मध्यस्थों के पैनल की नियुक्ति की मांग की गई है, ताकि दोनों समुदायों के बीच विश्वास वापस लाया जा सके।

स्थानीय समुदाय, छात्र संगठन, धार्मिक समूह और नागरिक समाज को भी इस संवाद प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा ताकि जमीनी स्तर पर शांति कायम हो।

कानून व्यवस्था और हथियार निरस्त्रीकरण पर जोर

सुरक्षा की स्थिति सुधारने के लिए विधायकों ने निरस्त्रीकरण अभियान को प्रभावी बनाने पर बल दिया है। राज्य के पहाड़ी और घाटी इलाकों में हथियारों की बरामदगी और सुरक्षा बलों की निष्पक्षता आवश्यक है। उन्होंने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों से अनुरोध किया कि वे कानून व्यवस्था को सख्त और निष्पक्ष बनाएं ताकि लोग सुरक्षित महसूस करें।

मीडिया और नागरिक समाज से संवाद की जरूरत

20 मई को ग्वालटाबी में हुई हिंसा के बाद विधायकों ने कहा कि सरकार को मीडिया और नागरिक समाज के साथ बातचीत बढ़ानी चाहिए। संवाद से ही समस्याओं का समाधान संभव है। BJP विधायकों ने इस प्रक्रिया में पूरी मदद का भरोसा दिया है ताकि राज्य में स्थिरता लाई जा सके।

Leave a comment