Chicago

नजफगढ़ में BJP ने पहली बार महिला को सौंपी कमान, राज शर्मा बनीं जिलाध्यक्ष

नजफगढ़ में BJP ने पहली बार महिला को सौंपी कमान, राज शर्मा बनीं जिलाध्यक्ष
अंतिम अपडेट: 1 दिन पहले

BJP ने दिल्ली के जिलाध्यक्षों की नई लिस्ट जारी की। राज शर्मा को नजफगढ़ की पहली महिला अध्यक्ष बनाया गया। चंद्रपाल बख्शी को पश्चिमी दिल्ली का जिम्मा फिर से मिला।

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली में जिला अध्यक्षों की नई सूची जारी कर दी है, जिसमें सबसे बड़ी खबर नजफगढ़ जिले से आई है। यहां पहली बार किसी महिला को जिला अध्यक्ष का जिम्मा सौंपा गया है। राज शर्मा गौतम को नजफगढ़ जिले की कमान सौंपी गई है। इससे पहले वे पार्टी में महामंत्री के तौर पर सक्रिय थीं और अब उन्हें संगठन की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। यह नियुक्ति महिलाओं को सशक्त बनाने और नेतृत्व में आगे लाने के भाजपा के संकल्प का प्रतीक मानी जा रही है।

नजफगढ़ में महिला नेतृत्व की शुरुआत

नजफगढ़ जिले में भाजपा ने पहली बार किसी महिला को जिला अध्यक्ष बनाया है। राज शर्मा गौतम ने अपनी नियुक्ति पर कहा, "यह मेरे लिए गर्व की बात है कि पार्टी ने मुझ पर भरोसा जताया है। यह फैसला भाजपा की महिलाओं के प्रति सशक्त सोच को दर्शाता है। मेरी प्राथमिकता रहेगी कि संगठन की मजबूती के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलूं और पार्टी को और मजबूत करूं।" राज शर्मा इससे पहले नजफगढ़ जिले में महामंत्री की भूमिका निभा रही थीं और किसान मोर्चा में भी अहम जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

सांसद कमलजीत सहरावत ने दी बधाई

पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत ने भी राज शर्मा को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी। एक्स (Twitter) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "मैं कामना करती हूं कि राज शर्मा गौतम के नेतृत्व में नजफगढ़ जिला संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।" उन्होंने भरोसा जताया कि राज शर्मा के नेतृत्व में नजफगढ़ में भाजपा संगठन और मजबूत होगा।

पश्चिमी जिले में फिर से चंद्रपाल बख्शी को जिम्मेदारी

नजफगढ़ के अलावा पश्चिमी जिले में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला, लेकिन यहां पार्टी ने अनुभव पर दांव खेला है। पश्चिमी जिले के वर्तमान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल बख्शी को फिर से यह जिम्मेदारी दी गई है। उनकी दोबारा नियुक्ति पर सांसद कमलजीत सहरावत ने भी बधाई दी और कहा कि बख्शी के नेतृत्व में पार्टी ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। बख्शी पहले भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं और पश्चिमी दिल्ली के संगठन को मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम रही है।

देखिए BJP के नए जिला अध्यक्षों की पूरी लिस्ट

प्रदेश भाजपा द्वारा जारी नई सूची के मुताबिक, दिल्ली के विभिन्न जिलों के लिए नए अध्यक्षों के नाम इस प्रकार हैं:

दीपक गाबा – शाहदरा

विजेंद्र धामा – मयूर विहार

अरविंद गर्ग – चांदनी चौक

वीरेंद्र बब्बर – करोल बाग

रवींद्र सोलंकी – महरौली

मास्टर विनोद – नवीन शाहदरा

यू के चौधरी – उत्तर पूर्व

अजय खटाना – केशवपुरम

विनोद सहरावत – उत्तर पश्चिम

रविन्द्र चौधरी – नई दिल्ली

रामचंद्र चावरिया – बाहरी दिल्ली

माया बिष्ट – दक्षिण दिल्ली

चंद्रपाल बख्शी – पश्चिम

राज शर्मा गौतम – नजफगढ़

महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम

राज शर्मा गौतम की नियुक्ति भाजपा के संगठन में महिलाओं को अधिक जिम्मेदारी देने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भाजपा लंबे समय से महिला सशक्तिकरण पर जोर देती रही है, और राज शर्मा की नियुक्ति से यह संदेश और मजबूत हुआ है कि पार्टी नेतृत्व के सभी स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना चाहती है।

पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह

नई नियुक्तियों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। नजफगढ़ समेत अन्य जिलों में नए नेतृत्व से संगठन के कार्यों में नई ऊर्जा आने की उम्मीद जताई जा रही है। पार्टी के नेताओं का मानना है कि ये नियुक्तियां 2025 में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं।

Leave a comment