देश के कई हिस्सों में मानसून की दस्तक के साथ ही मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम प्रभावित होगा।
मौसम: देशभर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मई का अंत होते-होते जहां एक ओर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने वाली है, वहीं बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का दौर शुरू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में मानसून पूर्व गतिविधियां तेज़ होंगी और कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में मिलेगी गर्मी से राहत
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में 30 मई से लेकर 1 जून तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर-पश्चिम भारत में मौसम को प्रभावित करेगा। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री तक गिरने का अनुमान है। इसके अलावा, क्षेत्र में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी हिस्सों में ठंडी फुहारें
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज दो भागों में बंटा नजर आ रहा है। एक ओर जहां पश्चिमी यूपी के जिलों कासगंज, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, इटावा, बदायूं, हरदोई, शाहजहांपुर और कन्नौज में बारिश की संभावना है, वहीं पूर्वी यूपी में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है।आईएमडी का कहना है कि पश्चिमी यूपी में तापमान में गिरावट आएगी जिससे वहां रहने वालों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिलेगी। वहीं कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
बिहार में मानसून की दस्तक?
बिहार में मानसून के पहुंचने से पहले ही बादल जमकर बरसने को तैयार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के 26 से 27 जिलों में आगामी दो दिनों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, सहरसा, मुजफ्फरपुर जैसे जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। 15 जून के आसपास मानसून की आधिकारिक एंट्री की उम्मीद है, लेकिन इससे पहले ही राज्य के कई हिस्सों में प्री-मॉनसून बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
राजस्थान में भीगने वाला है मौसम
राजस्थान के कई जिलों कोटा, बीकानेर, भरतपुर और जयपुर में भी मौसम विभाग ने तेज बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी है। साथ ही कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। राजस्थान, जहां गर्म हवाएं और लू का कहर जारी था, अब राहत की उम्मीद बंधी है। अगले दो दिनों में मौसम ठंडा हो सकता है।
उत्तराखंड, एमपी और पूर्वोत्तर में भी बारिश का जोर
उत्तराखंड में 1 जून को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 50-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम और त्रिपुरा में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। यहां बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका से प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है।
मुंबई, ठाणे और गुजरात के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटे में हल्की बारिश दर्ज की गई है। यहां आने वाले दिनों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।