पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइल से भारत के 15 सैन्य ठिकानों पर हमला किया। भारतीय सेना ने हमले नाकाम किए और जवाब में पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह किया।
Attack: 7-8 मई 2025 की रात को पाकिस्तान ने भारत के सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते हुए बड़ी आतंकी कार्रवाई को अंजाम देने की कोशिश की। ड्रोन और मिसाइलों के ज़रिए श्रीनगर, चंडीगढ़, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित 15 प्रमुख शहरों में भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने का प्रयास किया गया।
भारतीय सेना के यूएएस ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम ने इन सभी प्रयासों को सफलतापूर्वक विफल कर दिया। हमलों के मलबे की बरामदगी कई जगहों से हुई है, जिससे पाकिस्तान की ओर से हमले की पुष्टि होती है।
भारत की जवाबी कार्रवाई
भारतीय सशस्त्र बलों ने हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए उसी अंदाज़ और उसी तीव्रता के साथ पलटवार किया। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस रडार और मिसाइल सिस्टम्स को निशाना बनाया। सूत्रों के अनुसार, लाहौर स्थित एक एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह से निष्क्रिय कर दिया गया है।
भारत ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आत्मरक्षा और सैन्य जवाब के तहत की गई है। भारत का उद्देश्य युद्ध को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि अपने नागरिकों और सैन्य परिसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
LOC पर पाकिस्तान की फायरिंग
इसके अतिरिक्त, पाकिस्तान की ओर से एलओसी (LoC) पर भी भारी गोलीबारी की गई। कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी, मेंढर आदि इलाकों में मोर्टार और हैवी आर्टिलरी से फायरिंग हुई, जिसमें तीन महिलाओं और पांच बच्चों सहित 16 निर्दोष भारतीय नागरिकों की जान चली गई।
भारत का रुख
भारत सरकार और सेना ने यह दोहराया है कि भारत युद्ध नहीं चाहता, लेकिन अगर उसकी संप्रभुता पर हमला होता है तो वह चुप नहीं बैठेगा। भारतीय सेना का स्पष्ट संदेश है — "हम escalation नहीं चाहते, लेकिन जवाब देना आता है।"
भारत ने यह भी बताया कि उसकी प्रतिक्रिया केवल सैन्य जवाब तक सीमित रही है, और उसने पाकिस्तान के किसी भी सैन्य मुख्यालय को निशाना नहीं बनाया।