Chicago

सिक्किम राज्य दिवस पर पीएम मोदी का गंगटोक दौरा, भव्य कार्यक्रम में होंगे शामिल 

पीएम मोदी सिक्किम के भारत में विलय के 50 साल पूरे होने पर गंगटोक पहुंचे। उन्होंने विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया। राज्य में भव्य कार्यक्रम के आयोजन की तैयारियां की गईं।

PM Modi Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सिक्किम के ऐतिहासिक मौके पर गंगटोक में मौजूद रहेंगे। यह कार्यक्रम सिक्किम के भारत में विलय के 50 साल पूरे होने पर आयोजित किया गया है। इस अवसर पर पीएम मोदी सिक्किमवासियों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और राज्य के भविष्य को लेकर बड़ी घोषणाएं भी करेंगे।

सिक्किम के भारत में विलय के 50 साल

16 मई 1975 को सिक्किम का भारत में विलय हुआ था और तब से हर साल 16 मई को सिक्किम राज्य दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल सिक्किम के भारत में शामिल होने की 50वीं वर्षगांठ है, जिसे "स्वर्ण जयंती" के रूप में बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर को खास बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंचे हैं।

पीएम मोदी का कार्यक्रम

गंगटोक के पालजोर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी शामिल होंगे। इस समारोह में मोदी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें शामिल हैं:

  • नामची में 500-बेड का सुपरस्पेशलिटी अस्पताल, जिसकी लागत 750 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
  • ग्यालशिंग जिले के पोलिंग सांगाचोलिंग में यात्री रोपवे परियोजना।
  • गंगटोक के सांगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण।

इसके साथ ही पीएम मोदी सिक्किम के लिए डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी करेंगे। इस कार्यक्रम को "सुनौलोस समृद्ध एवं समर्थ सिक्किम" थीम के तहत सालभर चलने वाले आयोजनों की एक कड़ी के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

सिक्किम का भारत में विलय

सिक्किम कभी एक स्वतंत्र रियासत थी, जहां नामग्याल राजवंश का शासन था। 1970 के दशक में सिक्किम में राजशाही के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हुए। जनता की मांग पर 1973 में विधानसभा चुनाव कराने की घोषणा की गई, जिसके बाद 1974 में चुनाव हुए। इस चुनाव में सिक्किम कांग्रेस ने 32 में से 31 सीटें जीत लीं और दोरजी काजी जैसे नेताओं ने लोकतंत्र की दिशा में कदम बढ़ाया।

भारत के साथ विलय को लेकर सिक्किम विधानसभा ने प्रस्ताव पारित किया, लेकिन सिक्किम के राजा ने इसका विरोध किया। इसके बाद सेना ने कार्रवाई की और राजा को उनके महल में नजरबंद कर दिया गया। फिर जनमत संग्रह कराया गया, जिसमें लगभग 97% लोगों ने भारत के साथ विलय के पक्ष में वोट दिया। इसके बाद सिक्किम को भारत का 22वां राज्य घोषित किया गया।

सिक्किम के विकास में पीएम मोदी की बड़ी भूमिका

प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा पूर्वोत्तर के विकास पर जोर दिया है। अपने हालिया पोस्ट में पीएम मोदी ने सिक्किमवासियों को राज्य दिवस की बधाई देते हुए कहा कि, "सिक्किम सौम्य सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों का प्रदेश है। यह राज्य विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है।"

पीएम मोदी के नेतृत्व में सिक्किम को इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थकेयर, टूरिज्म और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

Leave a comment