Chicago

आतंकवाद पर भारत का सख्त संदेश, अभिषेक बनर्जी ने टोक्यो में बताया पाकिस्तान का असली चेहरा

टोक्यो में भारतीय डेलिगेशन के साथ पहुंचे टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान को 'जंगली हैंडलर' बताया। कहा, आतंकवाद के खिलाफ भारत झुकेगा नहीं और दुनिया को एकजुट करने का आह्वान किया।

New Delhi: भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जापान के टोक्यो पहुंचे टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारत डर के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवाद का डटकर मुकाबला करेगा। अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान को 'जंगली हैंडलर' करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान लगातार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, और यह सच्चाई पूरी दुनिया के सामने लाना जरूरी है।

भारत-पाकिस्तान सैन्य टकराव के बाद विदेशों में भारत का पक्ष

भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में हुए सैन्य टकराव और 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद भारतीय डेलिगेशन टोक्यो पहुंचा है। इस दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की हकीकत दुनिया के सामने रख रहा है। अभिषेक बनर्जी ने कहा कि भारत हर हाल में आतंकवाद के खिलाफ खड़ा रहेगा और कोई भी ताकत भारत की संप्रभुता को चुनौती नहीं दे सकती।

'पाकिस्तान आतंक का जंगली पालक- अभिषेक

अभिषेक बनर्जी ने पाकिस्तान को जमकर घेरा और कहा, "अगर आतंकवाद एक पागल कुत्ता है, तो पाकिस्तान एक जंगली हैंडलर है। हमें सबसे पहले इस जंगली हैंडलर को रोकने के लिए पूरी दुनिया को एकजुट करना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पाकिस्तान जैसे देश और आतंकवादी पैदा करेंगे, जो पूरी दुनिया के लिए खतरा बन जाएंगे।"

उन्होंने कहा, "हम भारत की तरफ से यह संदेश देने आए हैं कि हम डर के आगे झुकने वाले नहीं हैं। आतंकवाद के खिलाफ हमारी हर कार्रवाई जिम्मेदार, सटीक और गैर-उग्रवादी रही है। भारत हमेशा जिम्मेदारी से काम करता है।"

भारत की विदेश नीति और वैश्विक छवि को मजबूती

अभिषेक बनर्जी के इस बयान को भारत की विदेश नीति और वैश्विक मंच पर भारत की सख्त छवि के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वह विपक्षी दल से हैं, लेकिन जब बात देश की सुरक्षा की आती है तो सब एक हैं।

हाल ही में हुए सैन्य टकराव और 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के बाद भारत ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि आतंक के खिलाफ उसकी रणनीति मजबूत है। भारत ने साफ कर दिया है कि वह न केवल अपनी रक्षा करेगा, बल्कि आतंकवाद के ठिकानों पर भी सटीक हमला करेगा।

Leave a comment