शनिवार को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन ब्रिज से मेक्सिकन नौसेना का जहाज टकरा गया। जहाज में 277 लोग सवार थे। इस हादसे में कई घायल हुए हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
New York News: शनिवार को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन ब्रिज पर एक बड़ी दुर्घटना हुई, जब मेक्सिकन नौसेना का प्रशिक्षण जहाज ‘कुआउटेमोक’ ब्रिज से टकरा गया। इस हादसे में जहाज पर सवार 277 लोगों में से कम से कम 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें जहाज के ब्रिज से टकराने और नीचे गिरने का नजारा साफ देखा जा सकता है।
हादसे की पूरी घटना
मेक्सिकन नौसेना के इस जहाज का ऊपरी हिस्सा, जिसपर मेक्सिको का झंडा साफ नजर आ रहा था, ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब जहाज न्यूयॉर्क की ईस्ट रिवर से गुजर रहा था। टकराने के बाद जहाज नदी के किनारे की तरफ बढ़ा, जिससे आसपास मौजूद लोग घबराकर वहां से दूर भागने लगे।
न्यूयॉर्क फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि घटना की सूचना मिलते ही फौरन आपातकालीन अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। न्यूयॉर्क के मेयर ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है।
मेक्सिकन नौसेना का बयान और राहत कार्य
मेक्सिकन नौसेना ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट जारी कर बताया कि उनका प्रशिक्षण जहाज ‘कुआउटेमोक’ ब्रुकलिन ब्रिज के साथ दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया है और इसकी यात्रा को रोक दिया गया है। नौसेना ने कहा कि स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर वे कर्मियों की सुरक्षा और सहायता की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं।
नौसेना सचिव ने भी कहा कि वे अपने कर्मियों की सुरक्षा और संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ‘कुआउटेमोक’ मेक्सिकन नौसेना स्कूल का प्रशिक्षण जहाज है, जो समुद्री यात्रा के दौरान कैडेट्स को प्रशिक्षण देता है।
यात्रा और आगे की योजना
‘कुआउटेमोक’ इस साल 6 अप्रैल को मेक्सिको के अकापुल्को बंदरगाह से 277 लोगों के साथ रवाना हुआ था। इसके बाद इसका कार्यक्रम था कि वह 15 देशों के 22 बंदरगाहों पर रुकेगा। इन जगहों में जमैका का किंग्सटन, क्यूबा का हवाना, मैक्सिको का कोजुमेल और अमेरिका का न्यूयॉर्क शामिल थे। इसके अलावा यह आइसलैंड, फ्रांस और स्कॉटलैंड के कई बंदरगाहों पर भी जाना था। कुल मिलाकर यह यात्रा 254 दिनों की थी, जिसमें 170 दिन समुद्र में और 84 दिन बंदरगाहों पर बिताने का प्लान था। हादसे के बाद मेक्सिकन और स्थानीय अमेरिकी अधिकारी इस घटना की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।