हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट शनिवार को घोषित किया। 83.16% छात्र पास हुए। ऊना की महक ने 97.2% अंकों के साथ टॉप किया। रिजल्ट hpbose.org पर देखें।
HPBOSE 12th Result 2025: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने शनिवार को 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कुल 86,373 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 83.16 फीसदी छात्र पास हुए हैं। परीक्षा में ऊना की महक ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश भर में पहला स्थान प्राप्त किया है। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर आसानी से चेक कर सकते हैं।
12वीं कक्षा का रिजल्ट और मेरिट लिस्ट
इस साल कुल 86,373 विद्यार्थियों ने हिमाचल बोर्ड की 12वीं परीक्षा दी। जिसमें से 71,591 छात्र पास हुए हैं, जबकि 5,847 को कंपार्टमेंट मिला है और 8,581 छात्र अनुत्तीर्ण हुए हैं। कुल मिलाकर परीक्षा का परिणाम 83.16 प्रतिशत रहा।
ओवरऑल मेरिट लिस्ट में कुल 75 टॉपर्स शामिल हैं, जिनमें 61 छात्राएं और 14 छात्र हैं। निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने 35 स्थान हासिल किए जबकि सरकारी स्कूलों ने 40 स्थानों पर कब्जा किया है।
संकाय के अनुसार मेरिट
- साइंस संकाय: यहां 48 स्थान हैं, जिनमें से 30 निजी स्कूल और 18 सरकारी स्कूल के छात्र हैं।
- वाणिज्य संकाय: 21 स्थानों में 13 सरकारी और 8 निजी छात्रों ने जगह बनाई है।
- कला संकाय: 40 स्थानों पर सभी सरकारी स्कूलों के छात्र हैं।
टॉपर्स की खास जानकारी
ऊना जिले की महक ने 486 अंकों के साथ 97.2% अंक हासिल कर टॉप किया है। कांगड़ा जिले की अंकिता ने आर्ट्स संकाय में 483 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि कांगड़ा की पायल शर्मा ने कॉमर्स संकाय में 482 अंक के साथ टॉप किया है।
रिजल्ट कैसे देखें?
छात्र अपने रिजल्ट को HPBOSE की आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, बोर्ड मुख्यालय से दूरभाष नंबरों पर भी परिणाम की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
मंडी, लाहुल स्पीति: 01892242139
कांगड़ा: 242140
शिमला, किन्नौर, हमीरपुर: 242141
चंबा, बिलासपुर, कुल्लू: 242142
ऊना, सोलन, सिरमौर: 242150
सभी फोन नंबर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सक्रिय रहते हैं।
प्रमाण पत्र की सुविधा
परीक्षार्थियों के लिए बोर्ड ने डीजी लॉकर पर प्रमाण पत्र की प्रतियां भी उपलब्ध करवाई हैं। जिससे छात्र डिजिटल रूप में अपने प्रमाण पत्र कहीं भी और कभी भी एक्सेस कर सकते हैं।
पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण की प्रक्रिया
अगर किसी छात्र को अपने परिणाम में सुधार चाहिए तो वह पुनर्मूल्यांकन और पुनर्निरीक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। आवेदन बोर्ड की वेबसाइट पर 1 जून 2025 तक स्वीकार किए जाएंगे।
- पुनर्मूल्यांकन के लिए शुल्क: ₹1000 प्रति विषय
- पुनर्निरीक्षण के लिए शुल्क: ₹800 प्रति विषय
केवल उन्हीं छात्रों के आवेदन स्वीकार होंगे जिनके विषय में कम से कम 20 प्रतिशत अंक हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन ही मान्य होंगे, बिना फीस के आवेदन रद्द कर दिए जाएंगे।