दक्षिण भारत का एक पारंपरिक नाश्ता, रवा डोसा, अब पूरे भारत में लोकप्रिय होता जा रहा है। सूजी, चावल के आटे और मैदे से तैयार होने वाला यह कुरकुरा और पतला डोसा आजकल शहरी जीवन की तेज़ रफ्तार के बीच एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरा है। बिना किसी पीसाई या फर्मेंटेशन की जरूरत, झटपट तैयार हो जाने वाला यह व्यंजन अब घर-घर में नाश्ते या हल्के भोजन के रूप में पसंद किया जा रहा है।
चटनी और सांभर के बिना अधूरा
रवा डोसे के साथ पारंपरिक नारियल चटनी, सांभर या टमाटर की तीखी चटनी का संगम इसे एक सम्पूर्ण दक्षिण भारतीय अनुभव देता है। अब तो घरों में लोग इसे आलू मसाला के साथ सर्व करके मसाला रवा डोसा भी बना रहे हैं।
सामग्री (Ingredients)
- सूजी (रवा) – ½ कप (बिना भुनी हुई)
- चावल का आटा – ½ कप
- मैदा – ¼ कप
- बारीक कटा प्याज – ⅓ कप
- हरी मिर्च – 1 से 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक – ½ छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
- काली मिर्च – ½ छोटा चम्मच (कुटी हुई)
- जीरा – ½ छोटा चम्मच
- करी पत्ता – 8 से 10 (बारीक कटे हुए)
- हरा धनिया – 1 बड़ा चम्मच (वैकल्पिक)
- काजू या ताजा नारियल – स्वादानुसार (वैकल्पिक)
- पानी – 2.25 से 2.5 कप (घोल के लिए)
- तेल – सेंकने के लिए (या नारियल तेल/घी)
बनाने की विधि (Steps to Make Rava Dosa)
- एक बड़े बाउल में सूजी, चावल का आटा और मैदा डालें।
- इसमें प्याज, हरी मिर्च, अदरक, करी पत्ता, काली मिर्च, और जीरा मिलाएं।
- स्वाद बढ़ाने के लिए हरा धनिया, काजू या नारियल भी डाल सकते हैं।
- अब इसमें 2.25 से 2.5 कप पानी डालकर पतला घोल तैयार करें।
- घोल को 20-30 मिनट के लिए ढककर रख दें।
- तवे को मध्यम आंच पर गरम करें और थोड़ा तेल लगाएं।
- तैयार घोल को करछुल से तवे पर चारों ओर डालें, डोसा अपने आप फैलेगा।
- किनारों और ऊपर से थोड़ा तेल छिड़कें।
- जब डोसा सुनहरा और कुरकुरा हो जाए, तब उसे पलटें और दूसरी तरफ से भी सेकें।
- डोसे को नारियल की चटनी, सांभर या टमाटर चटनी के साथ गरमागरम परोसें।
ज़रूरी टिप्स
- हर बार डोसा डालने से पहले घोल को अच्छे से मिलाएं क्योंकि सूजी नीचे बैठ जाती है।
- अगर घोल गाढ़ा लगे तो थोड़ा और पानी मिलाएं।
- रवा डोसा तुरंत खाने पर ही सबसे क्रिस्पी और टेस्टी लगता है।
- क्यों बना रवा डोसा आज का सुपरहिट स्नैक?
- जहां एक ओर पारंपरिक डोसे के लिए घंटों की तैयारी और किण्वन आवश्यक होता है, वहीं रवा डोसे को केवल 20-30 मिनट के भीगने के समय के बाद तवे पर डाला जा सकता है। इस कारण यह खासकर कामकाजी महिलाओं, छात्रों और व्यस्त जीवनशैली वाले लोगों के लिए वरदान बन गया है।
- दिल्ली की गृहिणी ममता शर्मा कहती हैं, "मुझे जब जल्दी कुछ बनाना होता है जो हेल्दी भी हो और टेस्टी भी, तो रवा डोसा मेरी पहली पसंद होती है।"
कैसे बना घर-घर का हिस्सा?
कोविड-19 महामारी के दौरान जब होटल और रेस्टोरेंट बंद हो गए, तब लोगों ने घर में नए-नए प्रयोग शुरू किए। रवा डोसा उन कुछ व्यंजनों में से एक था, जिसने लोगों को अपने सरल निर्माण और उम्दा स्वाद से तुरंत आकर्षित किया। मैंने लॉकडाउन के समय रवा डोसा बनाना सीखा, और तब से अब तक ये हमारे घर का रेगुलर ब्रेकफास्ट बन गया है,” कहते हैं पुणे निवासी आईटी प्रोफेशनल रोहित देशमुख।
हालांकि यह तलकर बनता है, लेकिन आप इसे नॉन-स्टिक तवे पर कम तेल में बना सकते हैं। इसमें घी या नारियल तेल का उपयोग कर स्वाद और स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखा जा सकता है। साथ ही सूजी और चावल का आटा पचने में आसान होते हैं, जो इसे डाइजेस्टिव फ्रेंडली बनाता है। डायटीशियन स्वाति वर्मा के अनुसार, "रवा डोसा में अगर सब्जियाँ, काजू और दही मिलाई जाएँ, तो यह एक संतुलित भोजन का रूप ले सकता है।