सिद्धू मूसेवाला की डॉक्यूमेंट्री पर उनके पिता ने आपत्ति जताई है। बिना अनुमति निजी जानकारी दिखाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुंबई पुलिस से स्क्रीनिंग रोकने की मांग की है।
Punjab: दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला पर बनी डॉक्यूमेंट्री को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। उनके पिता बलकौर सिंह ने आरोप लगाया है कि डॉक्यूमेंट्री में उनके बेटे की निजी जानकारी और हत्या से जुड़े संवेदनशील तथ्यों को बिना अनुमति के दिखाया गया है। उन्होंने डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रोकने के लिए महाराष्ट्र के DGP और मुंबई पुलिस को पत्र लिखा है। यह स्क्रीनिंग 11 जून को मुंबई के जुहू इलाके में प्रस्तावित है।
कानूनी नोटिस भेजा गया
मूसेवाला के परिवार की ओर से एडवोकेट गुरबिंदर सिंह ने डॉक्यूमेंट्री की प्रोड्यूसर और सीरीज प्रोड्यूसर को कानूनी नोटिस भेजा है। इस नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि परिवार की अनुमति के बिना डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला की आवाज, छवि, अप्रकाशित तस्वीरें और निजी जानकारी का उपयोग किया गया है, जो भारतीय कानून का उल्लंघन है।
परिवार की मानसिक पीड़ा
बलकौर सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि इस डॉक्यूमेंट्री से न सिर्फ परिवार को मानसिक रूप से पीड़ा पहुंच रही है, बल्कि इससे चल रही न्यायिक जांच पर भी प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया है कि डॉक्यूमेंट्री में ऐसे लोगों के इंटरव्यू शामिल हैं जो सिद्धू की हत्या के मामले में FIR में नामजद हैं। इससे निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है।
डॉक्यूमेंट्री में अनदेखी जानकारी का दावा
इस डॉक्यूमेंट्री में सिद्धू मूसेवाला से जुड़ी अनदेखी और अप्रकाशित जानकारी दिखाने का दावा किया जा रहा है। लेकिन परिवार का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री का प्रसारण न केवल गैरकानूनी है, बल्कि इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ सकती है। बलकौर सिंह ने आयोजकों को इस स्क्रीनिंग से रोकने की मांग करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
निर्माताओं पर गंभीर आरोप
बलकौर सिंह ने डॉक्यूमेंट्री बनाने वाली कंपनी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट को तैयार करने से पहले परिवार से कोई अनुमति नहीं ली। न ही किसी प्रकार की जानकारी साझा की गई। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्यूमेंट्री में कुछ ऐसे तथ्यों को दर्शाया गया है, जो पूरी तरह से संवेदनशील और जांच से जुड़े हुए हैं