Chicago

NSE IPO को लेकर बड़ा अपडेट: अनलिस्टेड मार्केट में शेयर 53% बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे

NSE IPO को लेकर बड़ा अपडेट: अनलिस्टेड मार्केट में शेयर 53% बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचे

भारत का सबसे बड़ा इक्विटी डेरिवेटिव एक्सचेंज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड (NSE), लंबे इंतजार के बाद अपने IPO लॉन्च की तैयारी में जुट गया है। इस खबर के बीच NSE के अनलिस्टेड शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी गई है। महज पांच कारोबारी दिनों में NSE के शेयरों की कीमत 53% तक उछल गई, और अब ये 2,300 रुपये प्रति शेयर के स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं। मौजूदा वैल्यूएशन के हिसाब से NSE का मार्केट कैपिटलाइजेशन 5.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

IPO को लेकर क्या बोले SEBI चेयरमैन?

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने NSE के IPO को लेकर बड़ी अपडेट दी है। उन्होंने कहा कि NSE के IPO से जुड़े सभी लंबित मुद्दों को सुलझा लिया गया है और अब इसके जल्द आने की उम्मीद है। 22 मई को एक बयान में पांडे ने कहा कि NSE का IPO भारत के सबसे बड़े और सबसे बहुप्रतीक्षित IPO में से एक है। हालांकि, उन्होंने कोई सटीक तारीख नहीं बताई, लेकिन इशारा दिया कि SEBI की मंजूरी मिलने के बाद NSE IPO को बाजार में लाने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जाएगी।

NSE की बाजार में स्थिति

NSE न केवल भारत का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है, बल्कि ग्लोबल लेवल पर भी इसकी पकड़ मजबूत है। प्राइवेट मार्केट में NSE का वैल्यूएशन लगभग 60 अरब डॉलर आंका जा रहा है। 2024 में ग्लोबल डेरिवेटिव मार्केट में NSE की हिस्सेदारी 81.7% रही। ट्रेड वॉल्यूम के आधार पर NSE दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है। भारत में NSE का दबदबा और भी मजबूत है – 31 मार्च 2025 तक NSE के पास इक्विटी कैश सेगमेंट में 93.6% और इक्विटी फ्यूचर्स सेगमेंट में 99.9% की मार्केट हिस्सेदारी है।

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो, NSE ने FY24 में 17,141 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया, जो सालाना 16% की ग्रोथ को दर्शाता है। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट 47% बढ़कर 12,188 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

NSE IPO कब आ सकता है?

बिजनेस रिपोर्ट्स के मुताबिक, SEBI की मंजूरी मिलने के बाद NSE को IPO बाजार में लाने में लगभग 6 महीने का समय लग सकता है। गौरतलब है कि NSE ने दिसंबर 2016 में अपना IPO प्रॉस्पेक्टस फाइल किया था और अब SEBI से NOC मिलने के बाद IPO प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

Leave a comment