Chicago

दुनिया में फिर फैला कोरोना का कहर: अमेरिका में नया वेरिएंट, एशिया में अस्पतालों में बढ़ी भीड़

दुनिया में फिर फैला कोरोना का कहर: अमेरिका में नया वेरिएंट, एशिया में अस्पतालों में बढ़ी भीड़
अंतिम अपडेट: 1 दिन पहले

दुनिया में फिर बढ़े कोरोना केस, अमेरिका में नया वेरिएंट मिला, भारत में 1000 से ज्यादा एक्टिव केस, एशिया में अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ी।

Covid-Cases: कोरोना वायरस एक बार फिर दुनियाभर में दस्तक दे चुका है। भारत में जहां बीते हफ्ते 752 नए कोविड-19 केस सामने आए हैं, वहीं अमेरिका और एशिया के कई देशों में भी हालात बिगड़ रहे हैं। अमेरिका में एक नया वेरिएंट NB.1.8.1 सामने आया है, जिसने चिंता बढ़ा दी है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) ने इसे "वेरिएंट अंडर मॉनिटरिंग" (VUM) की कैटेगरी में रखा है, जिससे साफ है कि इस पर अब खास नजर रखी जा रही है।

भारत में कोरोना के केस 1000 के पार

भारत में कोविड-19 के नए केस लगातार बढ़ रहे हैं। पिछले सात दिनों में देश में 752 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इससे भारत में एक्टिव केस की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम और नए वेरिएंट्स के कारण केस बढ़ सकते हैं, इसलिए मास्क पहनना, भीड़भाड़ से बचना और वैक्सीनेशन को लेकर सतर्क रहना जरूरी है।

अमेरिका में नया वेरिएंट NB.1.8.1: एयरपोर्ट्स पर बढ़ी निगरानी

अमेरिका के प्रमुख एयरपोर्ट्स जैसे कैलिफोर्निया, वाशिंगटन, वर्जीनिया और न्यूयॉर्क में इंटरनेशनल फ्लाइट्स से आने वाले यात्रियों में NB.1.8.1 वेरिएंट के मामले पाए गए हैं। अमेरिका के CDC और इसके एयरपोर्ट टेस्टिंग पार्टनर Ginkgo Bioworks की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह नया वेरिएंट चीन और एशिया के कुछ हिस्सों में बढ़ते मामलों के कारण विकसित हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, मई 2025 तक NB.1.8.1 अमेरिका में कई जगहों पर फैल चुका है। यह वेरिएंट ओमिक्रॉन सबलाइनेज JN.1 से जुड़ा हुआ है और एशिया में बढ़ते मामलों के पीछे भी इसी वेरिएंट को जिम्मेदार माना जा रहा है।

हांगकांग और ताइवान में अस्पतालों में बढ़ी भीड़

एशिया के देशों में भी कोरोना के नए मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। हांगकांग और ताइवान में अस्पतालों में भर्ती होने वालों और इमरजेंसी रूम में पहुंचने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस वजह से दोनों जगहों पर सार्वजनिक रूप से मास्क पहनने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग वैक्सीन और एंटीवायरल दवाओं का स्टॉक बढ़ाने में जुट गया है ताकि जरूरत के समय संसाधनों की कमी न हो।

NB.1.8.1 को ‘वेरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ में किया शामिल

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने NB.1.8.1 को उसके तेजी से बढ़ते ग्लोबल प्रसार के कारण SARS-CoV-2 वेरिएंट अंडर मॉनिटरिंग (VUM) की कैटेगरी में रखा है। इसका मतलब है कि यह वेरिएंट अब WHO की विशेष निगरानी में है। सबसे पहले यह वेरिएंट चीन में रिपोर्ट हुआ था, जिसका पहला सैंपल 22 जनवरी 2025 को लिया गया था। WHO ने इसे 23 मई 2025 को VUM के रूप में घोषित किया।

अमेरिका में हर हफ्ते कोरोना से 350 मौतें

CDC के डेटा के मुताबिक, अमेरिका में अब भी हर हफ्ते करीब 350 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हो रही है। हालांकि, राहत की बात यह है कि संक्रमण की दर में पहले की तुलना में गिरावट दर्ज की गई है। लेकिन नए वेरिएंट NB.1.8.1 के बढ़ते मामलों को देखकर यह चिंता बढ़ना स्वाभाविक है कि स्थिति फिर से गंभीर न हो जाए।

Leave a comment