तेज प्रताप यादव के फेसबुक पोस्ट से नया विवाद खड़ा हो गया है। अनुष्का यादव संग 12 साल के रिश्ते के दावे के बाद लालू यादव ने तेज प्रताप को 6 साल के लिए पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया है।
Bihar News: लालू यादव का परिवार भारतीय राजनीति का एक ऐसा नाम है, जो जितना अपनी राजनीतिक विरासत के लिए जाना जाता है, उतना ही अपने विवादों के लिए भी सुर्खियों में रहता है। कभी चारा घोटाला, कभी बेनामी संपत्ति का मामला, तो कभी तेज प्रताप यादव के निजी जीवन से जुड़ी चर्चाएं – विवादों का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा। हाल ही में एक बार फिर लालू यादव परिवार चर्चा में है, वजह है तेज प्रताप यादव का एक नया विवाद।
25 मई 2025 को तेज प्रताप यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट की, जिसमें उन्होंने अनुष्का यादव के साथ 12 साल से रिलेशनशिप में होने का दावा किया। इस पोस्ट के बाद न सिर्फ राजनीति में भूचाल आया, बल्कि उनके परिवार में भी बड़ा बवाल मच गया। खुद लालू यादव ने सख्त रुख अपनाते हुए तेज प्रताप को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया और परिवार से भी अलग कर दिया।
इस पूरे विवाद के बाद तेज प्रताप ने सफाई दी कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और यह पोस्ट उन्हें और उनके परिवार को बदनाम करने की साजिश थी। लेकिन लालू यादव ने इसे गैर-जिम्मेदाराना और नैतिकता के खिलाफ आचरण मानते हुए तेज प्रताप पर यह बड़ी कार्रवाई की।
1. चारा घोटाला: लालू यादव का सबसे बड़ा विवाद
चारा घोटाला भारतीय राजनीति का सबसे चर्चित घोटालों में से एक है। 1990 के दशक में यह घोटाला सामने आया, जिसमें आरोप था कि बिहार के मुख्यमंत्री रहते हुए लालू यादव ने 950 करोड़ रुपये की सरकारी राशि का गबन किया। यह पैसा मवेशियों के चारे के नाम पर निकाला गया था। जांच के बाद लालू यादव को दोषी ठहराया गया और जेल की हवा खानी पड़ी। इस घोटाले के चलते उन्हें 1997 में मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देना पड़ा।
2. बिहार में 'जंगल राज' के आरोप
लालू यादव के मुख्यमंत्री कार्यकाल (1990-1997) को अक्सर 'जंगल राज' कहा जाता है। इस दौर में राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब हो गई थी। अपहरण और अपराध की घटनाएं चरम पर थीं। आलोचकों का कहना था कि लालू यादव ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए अपराधियों को संरक्षण दिया। इस वजह से जनता का सरकार पर से विश्वास कम होता चला गया।
3. मीसा भारती के फार्महाउस विवाद
लालू यादव की बेटी मीसा भारती का नाम भी विवादों से जुड़ा रहा है। 2017 में उनके दिल्ली स्थित फार्महाउस पर ईडी ने छापेमारी की। आरोप था कि यह संपत्ति बेनामी है और इसे शेल कंपनियों के जरिए खरीदा गया था। इस मामले ने मीसा भारती के राजनीतिक करियर को भी प्रभावित किया।
4. बेनामी संपत्ति मामले में लालू परिवार
2017 में लालू यादव के परिवार पर बेनामी संपत्ति के आरोप लगे। इनकम टैक्स विभाग और ईडी ने जांच में पाया कि लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बच्चों ने अवैध रूप से जमीन और इमारतें खरीदीं। इस मामले ने परिवार की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया और भ्रष्टाचार के आरोपों को हवा दी।
5. तेज प्रताप यादव के विवाद: निजी जिंदगी की चर्चाएं
तेज प्रताप यादव की निजी जिंदगी भी हमेशा विवादों में रही है। उनकी शादीशुदा जिंदगी और पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ तलाक का मामला काफी चर्चा में रहा। तेज प्रताप का व्यवहार, सार्वजनिक झगड़े, और भावुक बयान अक्सर मीडिया की सुर्खियों में रहते हैं। अब अनुष्का यादव के साथ 12 साल के रिश्ते का दावा भी एक और नया विवाद बन गया है।