Chicago

UP News: 724 करोड़ की योजनाओं से संवरेंगे कासगंज और सोरों, CM ने रखी नींव

कासगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 724 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की। उन्होंने सोरों को अयोध्या जैसा तीर्थ स्थल बनाने का वादा किया और जिले के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कासगंज जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए 724 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा और तीर्थ नगरी सोरों को अयोध्या, काशी और मथुरा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।

पिछली सरकारों पर निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर भ्रष्टाचार और विकास विरोधी नीति अपनाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल लूट-खसोट का खेल चलता था। योजनाएं कागजों में बनती थीं और भ्रष्टाचार में डूब जाती थीं।" उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद से प्रदेश में गुंडागर्दी, माफिया राज और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई गई है, और अब जनता को बिजली, सड़क, पानी और कानून व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर मिल रही हैं।

सोरों को मिलेगा तीर्थ क्षेत्र का सम्मान

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में विशेष रूप से शूकर क्षेत्र सोरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह भूमि भगवान श्रीहरि के तीसरे अवतार की पावन स्थली है और कपिल मुनि जैसे महान संतों से जुड़ी हुई है। उन्होंने सोरों को अयोध्या, मथुरा, काशी और वृंदावन की तरह विकसित करने की बात दोहराई।

सीएम योगी ने बताया कि तीर्थ स्थलों के विकास से न सिर्फ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि स्थानीय लोगों के रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी बनेंगे।

जनता से संवाद और समर्थन

कासगंज पुलिस लाइन परिसर में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में करीब 20,000 से अधिक लोगों की भीड़ मौजूद थी। सीएम योगी ने मंच से सीधे जनता से संवाद करते हुए विकास का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि कासगंज और आसपास के क्षेत्रों को पिछड़ेपन से निकालकर विकास की मुख्यधारा में लाया जाए।

मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान जनमानस ने “जय श्रीराम” और “योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद” के नारों से माहौल को जोश से भर दिया।

परियोजनाएं जिनकी हुई घोषणा

मुख्यमंत्री ने जिले के कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की भी घोषणा की:

  • दरियावगंज झील का सुंदर और व्यवस्थित विकास
  • नदरई स्थित झाला पुल का सौंदर्यीकरण
  • जिले की पौराणिक धरोहरों को सहेजने के लिए एक संग्राहलय की स्थापना
  • सहावर कस्बे में बाईपास निर्माण को दी हरी झंडी

इन सभी घोषणाओं से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि योगी सरकार आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति अभी से तैयार कर रही है।

“विकास ही संकल्प” का संदेश

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर राज्य को देश का नंबर वन राज्य बनाना है, तो विकास की राजनीति को ही प्राथमिकता देनी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार राजनीति नहीं, सेवा को माध्यम मानकर कार्य कर रही है।

Leave a comment