Columbus

अहमदाबाद विमान हादसा: शादी के 5 महीने बाद पति से मिलने जा रही थी खुशबू, पहली उड़ान ही बनी अंतिम यात्रा

अहमदाबाद विमान हादसा: शादी के 5 महीने बाद पति से मिलने जा रही थी खुशबू, पहली उड़ान ही बनी अंतिम यात्रा

गुजरात के अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की पैसेंजर फ्लाइट एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। इस भीषण क्रैश में क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें राजस्थान के 12 नागरिक भी शामिल थे।

Ahmedabad Air India Plane Crash: अहमदाबाद में हुए दिल दहला देने वाले विमान हादसे ने न सिर्फ देश को झकझोर दिया है, बल्कि कई परिवारों की खुशियों को भी एक ही पल में उजाड़ दिया है। हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल थीं खुशबू राजपुरोहित, जो राजस्थान के जोधपुर जिले के अरबा गांव की रहने वाली थीं। उनके जीवन की यह पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान थी, जो उन्हें उनके डॉक्टर पति के पास लंदन लेकर जा रही थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, यह यात्रा उनके जीवन की अंतिम उड़ान साबित हुई।

पांच महीने पहले हुई थी खुशबू की शादी

खुशबू राजपुरोहित की शादी महज पांच महीने पहले ही एक लंदन में कार्यरत डॉक्टर से हुई थी। शादी के बाद दोनों ने तय किया था कि खुशबू भारत में अपने वीजा और पासपोर्ट से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद लंदन जाकर पति के साथ जीवन की नई शुरुआत करेंगी। पिछले सप्ताह ही उनका पासपोर्ट आया था, और जैसे ही सारी प्रक्रिया पूरी हुई, उन्होंने एयर इंडिया की फ्लाइट से लंदन जाने का फैसला किया।

अंतिम विदाई का वो भावुक दृश्य

यात्रा से पहले जब खुशबू अपने मायके से विदा हो रही थीं, तो हर किसी की आंखें नम थीं, लेकिन किसी को यह आभास नहीं था कि यह एक बेटी की अंतिम विदाई बन जाएगी। घर के आंगन में अपने माता-पिता और भाई-बहनों से लिपटकर रोती हुई खुशबू का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसे देखकर हर आंख नम हो जाती है।

फ्लाइट संख्या AI-141 जो अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, टेक-ऑफ के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी के चलते क्रैश हो गई। इस फ्लाइट में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 12 लोग राजस्थान से थे। जैसे ही हादसे की खबर मीडिया में आई, राजपुरोहित परिवार की सांसें थम गईं।

पहले पहल सूचना मिली कि हादसा हल्का है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। इस आशा में खुशबू के जेठ शक्ति सिंह राजपुरोहित और परिवारजन लगातार संपर्क साधने की कोशिश करते रहे। लेकिन जब एयर इंडिया और गुजरात प्रशासन की ओर से पुष्टि हुई कि खुशबू का नाम मृतकों की सूची में है, तो पूरे परिवार पर ग़म का पहाड़ टूट पड़ा।

परिजन पहुंचे अहमदाबाद

खुशबू की मौत की सूचना मिलते ही उनके माता-पिता, भाई और अन्य रिश्तेदार अहमदाबाद पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट अधिकारियों ने मृतकों की पहचान के लिए परिजनों को बुलाया है। वहीं, गांव अरबा में मातम पसरा हुआ है। घर-घर से रोने की आवाजें आ रही हैं, और हर शख्स यही कह रहा है कि इतनी सुंदर और मासूम लड़की की क्या गलती थी?

खुशबू के ससुराल जोधपुर के खाराबेरा गांव में भी मातमी सन्नाटा छाया हुआ है। वहां भी लोग अभी इस हादसे पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। बहू के विदेश जाने की तैयारियां पूरी की जा चुकी थीं, और घर में उत्साह का माहौल था। अब वहीं घर ग़मगीन हो चुका है।

Leave a comment