Columbus

बिहार NDA में चिराग पासवान की भूमिका पर सस्पेंस खत्म, डिप्टी CM विजय सिन्हा ने दी बड़ी जानकारी

बिहार NDA में चिराग पासवान की भूमिका पर सस्पेंस खत्म, डिप्टी CM विजय सिन्हा ने दी बड़ी जानकारी

बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि चिराग पासवान एनडीए का हिस्सा हैं और आगामी विधानसभा चुनाव गठबंधन के साथ ही लड़ेंगे। मुकेश सहनी की पार्टी की वापसी पर निर्णय शीर्ष नेतृत्व लेगा।

Bihar Assembly Election 2025: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान एनडीए का हिस्सा हैं और आगामी विधानसभा चुनाव भी एनडीए के साथ मिलकर लड़ेंगे। वहीं मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को एनडीए में शामिल किए जाने पर निर्णय लेने की जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व पर छोड़ी गई है। यह बयान उस समय आया है जब बिहार की राजनीति में लगातार नई हलचलें देखी जा रही हैं।

चिराग पासवान NDA के साथ

बिहार की राजनीति में बीते कुछ दिनों से यह सवाल गूंज रहा था कि क्या लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए से अलग होकर अकेले लड़ सकते हैं। इन अटकलों पर अब खुद बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने विराम लगा दिया है। उन्होंने साफ किया कि चिराग पासवान एनडीए के साथ मजबूती से जुड़े हुए हैं और भविष्य में भी गठबंधन के हिस्से के रूप में ही चुनाव लड़ेंगे। विजय सिन्हा ने यह बयान शनिवार को मुजफ्फरपुर के बेला इंडस्ट्रियल एरिया में एक यूनिट के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में दिया। 

मोदी सरकार में चिराग की भूमिका को बताया अहम

डिप्टी सीएम ने कहा कि चिराग पासवान सिर्फ बिहार ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी एनडीए के अहम नेता हैं। वह मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री हैं और उनकी पार्टी की एनडीए में अहम हिस्सेदारी है। विजय सिन्हा के मुताबिक, एनडीए एक संगठित गठबंधन है और सभी दल मिलकर आने वाले चुनावों की रणनीति तैयार कर रहे हैं।

मुकेश सहनी की वीआईपी की वापसी पर अभी भी संशय

विजय कुमार सिन्हा से जब पूछा गया कि क्या मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) को फिर से एनडीए में शामिल किया जाएगा, तो उन्होंने जवाब दिया कि यह फैसला एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। यह संकेत है कि बीजेपी इस मुद्दे पर सतर्कता से आगे बढ़ रही है और फिलहाल वीआईपी की वापसी को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।

Leave a comment