Pune

दिल्ली को मिला नया स्वास्थ्य मॉडल: CM रेखा गुप्ता ने 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया उद्घाटन, जानें इनकी खासियत

दिल्ली को मिला नया स्वास्थ्य मॉडल: CM रेखा गुप्ता ने 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया उद्घाटन, जानें इनकी खासियत

दिल्ली में मंगलवार, 17 जून 2025 को रेखा गुप्ता सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की। राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया गया।

Ayushman Arogya Mandir: राजधानी दिल्ली में आज स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह की अगुवाई में 33 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का एक साथ उद्घाटन किया गया। यह पहल न केवल दिल्ली में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है, बल्कि यह आने वाले समय में एक नेशनल हेल्थ मॉडल के रूप में उभर सकती है।

ये नए आरोग्य केंद्र दिल्ली की पुरानी डिस्पेंसरियों और खाली पड़ी सरकारी इमारतों को मॉडिफाई कर विकसित किए गए हैं। कई जगहों पर बारात घरों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा केंद्र में बदलकर इन्हें 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' का नाम दिया गया है। इन मंदिरों का लक्ष्य है – हर मोहल्ले में सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा।

आरोग्य मंदिर: एक झलक

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग और तीस हजारी क्षेत्रों में आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया, वहीं विकासपुरी विधानसभा में बने आरोग्य मंदिर का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने किया। विकासपुरी में बारात घर को मॉडिफाई कर बनाया गया यह केंद्र एक मिनी हॉस्पिटल जैसा दिखता है। इन आरोग्य मंदिरों में उपलब्ध सुविधाएं:

  • सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक दो ड्यूटी डॉक्टर
  • फार्मेसी के लिए अलग काउंटर
  • ड्रेसिंग रूम और टीकाकरण यूनिट
  • कोल्ड स्टोरेज यूनिट
  • एक छोटी पैथोलॉजिकल लैब, जिसमें 10 प्रकार के टेस्ट तुरंत संभव
  • 81 से ज्यादा ब्लड टेस्ट के लिए सैंपलिंग की सुविधा

मेडिकल स्टाफ और मरीजों की राय

डॉ. मीना वर्षणेय, जो विकासपुरी आरोग्य मंदिर की मेडिकल ऑफिसर हैं, ने बताया कि उद्घाटन से तीन दिन पहले ही इलाज शुरू हो गया था और हर दिन 200 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं मोहल्ला क्लिनिक में कार्यरत डॉ. आकाश ने बताया कि उनके क्लिनिक में रोज़ लगभग 70 मरीज आते हैं, और उन्होंने मांग की कि मोहल्ला क्लिनिक स्टाफ को भी स्थायी किया जाए।

स्थानीय निवासी राम जीवन और सुषमा देवी का कहना है, पहले हर छोटे-मोटे इलाज के लिए प्राइवेट क्लिनिक जाना पड़ता था। अब यहां नज़दीक ही अच्छा इलाज मिल जाएगा।

राजनीति और प्रतिक्रिया

भाजपा इस पहल को अपनी उपलब्धि मान रही है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा, हम दिल्ली में स्वास्थ्य क्रांति लाने की दिशा में काम कर रहे हैं। भविष्य में इन केंद्रों को डे-केयर सेंटर में बदलकर बड़े अस्पतालों का बोझ कम किया जाएगा। वहीं आम आदमी पार्टी ने इसे “नाम बदलने की राजनीति बताया है। आप के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि यह सरकार सिर्फ मोहल्ला क्लिनिक और पुरानी डिस्पेंसरी को रंग कर नई पैकेजिंग में पेश कर रही है।

Leave a comment