Columbus

दिल्ली में उमस और लू की दोहरी मार, राजस्थान समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट – जानिए अपने शहर का मौसम हाल

दिल्ली में उमस और लू की दोहरी मार, राजस्थान समेत कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट – जानिए अपने शहर का मौसम हाल

दिल्ली समेत उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। राजधानी दिल्ली में जून की शुरुआत से ही पारा आसमान छू रहा है। मंगलवार की सुबह जहां उमस भरी रही, वहीं दोपहर के समय लू की स्थिति ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कहीं ज्यादा है।

राजस्थान में लू का प्रकोप, पश्चिमी भारत में हीटवेव अलर्ट

राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में 10 से 16 जून तक हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार,13 जून तक पूर्वी राजस्थान में भी अलग-अलग स्थानों पर भीषण लू की स्थिति बन सकती है। लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।इसके अलावा, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तर मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी आने वाले दिनों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। गर्मी के साथ-साथ कई स्थानों पर "गर्म रातें" यानी गर्मी से राहत न देने वाली रातें भी रहने की संभावना है, जिससे नींद पर असर पड़ेगा।

उत्तर-पश्चिम भारत में आगामी चार दिनों तक तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि इसके बाद तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। मध्य और पूर्वी भारत में भी अगले दो-तीन दिन तक गर्मी बनी रहेगी और फिर धीरे-धीरे पारा गिरने की संभावना है।

दक्षिण भारत में राहत, तेज़ बारिश और गरज-चमक की संभावना

दक्षिणी राज्यों में बारिश ने राहत दी है। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप, तमिलनाडु में आगामी सात दिनों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। तेलंगाना, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश हो सकती है। विशेष रूप 14 जून के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मछुआरों और किसानों को सावधानी बरतने की चेतावनी जारी की गई है।

पश्चिम भारत में भी बारिश का आगाज़

कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा जैसे इलाकों में 11 जून को हल्की से मध्यम बारिश और तेज़ हवाओं की संभावना है। 12 से 16 जून तक इन क्षेत्रों में 50-60 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। 13 और 14 जून को कोंकण और गोवा में अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

मध्य और पूर्वी भारत का मौसम

बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 11 से 14 जून तक गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। बिहार में 12-13 जून को तेज़ हवाएं (60-70 किमी/घंटा) की रफ्तार से चल सकती हैं। इससे कृषि कार्यों और यातायात पर असर पड़ सकता है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले सात दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर भारत में हल्की बारिश की दस्तक

हालांकि उत्तर भारत भीषण गर्मी से जूझ रहा है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार 12 से 16 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में भारी बारिश की भी संभावना है, जो यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए सतर्क रहने का संकेत है। पश्चिमी राजस्थान में 14 से 16 जून के बीच हल्की बारिश हो सकती है, जिससे भीषण लू की स्थिति में आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्वोत्तर भारत में मानसून की गतिविधि तेज़

पूर्वोत्तर राज्यों में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ भारी वर्षा की संभावना है। यहां 10 और 11 जून को हवाएं 40 किमी/घंटा तक पहुंच सकती हैं।

Leave a comment