Pune

Axiom-4 मिशन: शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से भेजा पहला संदेश, बोले- मेरे कंधे पर तिरंगा है, जय हिंद, जय भारत

Axiom-4 मिशन: शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से भेजा पहला संदेश, बोले- मेरे कंधे पर तिरंगा है, जय हिंद, जय भारत

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने Axiom-4 मिशन के तहत जब अंतरिक्ष की उड़ान भरी तो वह अकेले नहीं थे। उनके साथ भारत की उम्मीदें और गर्व भी था।

Axiom-4 Mission: Axiom-4 मिशन पर रवाना होने के बाद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष से पहला भावनात्मक संदेश भेजा है। उन्होंने कहा, “नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों। हम 41 साल बाद दोबारा अंतरिक्ष में पहुंचे हैं। यह एक अद्भुत अनुभव है। हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। मेरे कंधे पर मेरा तिरंगा है, जो मुझे याद दिलाता है कि मैं अकेला नहीं हूं, पूरा देश मेरे साथ है।”

शुभांशु ने आगे कहा, “यह यात्रा सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की ओर नहीं है, यह भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि आप सब इस सफर का हिस्सा बनें। हम सबका सीना गर्व से चौड़ा होना चाहिए। जय हिंद, जय भारत।”

फ्लोरिडा से हुई ऐतिहासिक लॉन्चिंग

Axiom-4 मिशन की लॉन्चिंग अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित NASA के कैनेडी स्पेस सेंटर से बुधवार दोपहर 12:01 बजे भारतीय समयानुसार की गई। इस मिशन के तहत शुभांशु शुक्ला समेत चार अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के फाल्कन 9 रॉकेट और एक खास ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में सवार होकर अंतरिक्ष की ओर रवाना हुए। इस मिशन की कमान शुभांशु शुक्ला को सौंपी गई है।

परिवार की प्रतिक्रिया

शुभांशु की इस ऐतिहासिक उड़ान से उनका परिवार भावुक और गर्व से भरा हुआ है। उनके माता-पिता ने कहा कि यह केवल हमारे बेटे की नहीं, पूरे देश की उपलब्धि है। उनका कहना था कि आज हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। शुभांशु ने उड़ान से पहले अपने सभी देशवासियों और मिशन से जुड़े सभी लोगों का आभार जताया था।

पहले कई बार टली थी लॉन्चिंग

Axiom-4 मिशन की लॉन्चिंग तय कार्यक्रम के अनुसार पहले 29 मई को होनी थी। लेकिन तकनीकी कारणों से इसे टालना पड़ा। इसके बाद 8, 10 और 11 जून को भी लॉन्चिंग की तारीख तय की गई लेकिन हर बार किसी न किसी कारणवश टालनी पड़ी। अंततः 24 जून 2025 को मिशन को लॉन्च किया गया।

28 घंटे की यात्रा, 14 दिन का अंतरिक्ष प्रवास

Axiom-4 मिशन में चार देशों के चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं—भारत, अमेरिका, पोलैंड और हंगरी। इन चारों को लेकर स्पेसक्राफ्ट ने उड़ान भरी है और 28 घंटे की यात्रा के बाद यह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर पहुंचेगा। अनुमान है कि यह आगमन गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे भारतीय समयानुसार होगा।

इन सभी अंतरिक्ष यात्रियों का ISS पर कुल 14 दिनों तक रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े कई अहम प्रयोगों में हिस्सा लेंगे।

 

Leave a comment