Axiom-4 मिशन के तहत शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष की ओर रवाना हुए। पीएम मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वे 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं के प्रतिनिधि बनकर अंतरिक्ष गए हैं।
Shubhanshu Shukla Axiom-4: Axiom-4 मिशन की सफल लॉन्चिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरिक्ष यात्रा पर निकले सभी चार अंतरिक्ष यात्रियों को बधाई दी है। उन्होंने विशेष रूप से भारत के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के उल्लेख के साथ एक प्रेरणादायक संदेश साझा किया। पीएम मोदी ने कहा कि शुभांशु सिर्फ एक वैज्ञानिक मिशन के साथ नहीं, बल्कि 1.4 अरब भारतीयों की उम्मीदें, आकांक्षाएं और सपनों को लेकर अंतरिक्ष में गए हैं।
प्रधानमंत्री का एक्स पोस्ट
प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा- “हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेस मिशन के सफल लॉन्च का स्वागत करते हैं। भारतीय अंतरिक्ष यात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वे अपने साथ 1.4 बिलियन भारतीयों की इच्छाएं, उम्मीदें और आकांक्षाएं लेकर गए हैं। उनके साथ सभी अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएँ।”
देश के पहले Axiom मिशन यात्री
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन का नेतृत्व कर रहे हैं। वे उन चार अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हैं जो इस मिशन के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ओर रवाना हुए हैं। इस मिशन को Axiom Space ने नासा और SpaceX के सहयोग से संचालित किया है।
कैसे हुआ Axiom-4 मिशन का लॉन्च
Axiom-4 मिशन को फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया। लॉन्च पैड 39A से SpaceX के फाल्कन 9 रॉकेट के ज़रिए यह उड़ान दोपहर 12:01 बजे (भारतीय समयानुसार) भरी गई। इसमें चार अंतरिक्ष यात्री शामिल हैं, जिनमें भारत, अमेरिका, पोलैंड और हंगरी के प्रतिनिधि शामिल हैं। सभी यात्रियों को स्पेसएक्स ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट में बैठाकर अंतरिक्ष की ओर रवाना किया गया।
नासा ने दी लॉन्चिंग की पुष्टि
Axiom-4 मिशन के सफल प्रक्षेपण के बाद अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भी इसकी पुष्टि की। नासा ने एक्स पर लिखा- “हमने एक्सिओम मिशन 4 की उड़ान भरी है। Axiom Mission 4 ने 25 जून को सुबह 2:31 बजे (भारतीय समयानुसार दोपहर 12:01 बजे) लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39A से उड़ान भरी। यह मिशन 14 दिनों की अवधि के लिए चार निजी अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष स्टेशन पर भेज रहा है।”
शुभांशु शुक्ला की ऐतिहासिक भूमिका
Axiom-4 मिशन की सबसे खास बात यह है कि इसमें शामिल ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार किसी निजी स्पेस मिशन के तहत भारत की ओर से ISS तक पहुंचने वाले अंतरिक्ष यात्री बनेंगे। यह भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ता है, क्योंकि इससे पहले 1984 में राकेश शर्मा अंतरिक्ष में गए थे।
शुभांशु का स्पेस से संदेश भी आया सामने
अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद शुभांशु शुक्ला का देश के लिए पहला संदेश भी सामने आया। उन्होंने कहा- “मेरे कंधे पर मेरा तिरंगा लगा है। यह सिर्फ अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा नहीं, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि हर भारतीय इस गर्व के पल का हिस्सा बने।”