ऑपरेशन सिंदूर के बाद PM मोदी पहली बार आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। पाकिस्तान से संघर्ष विराम के बाद यह बड़ा बयान बेहद अहम माना जा रहा है।
PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। यह उनका पहला आधिकारिक बयान होगा, जब से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाकर नौ आतंकी ठिकानों को तबाह किया है। देशवासियों को इस संबोधन का बेसब्री से इंतजार है।
भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम के बाद पहली प्रतिक्रिया
भारत और पाकिस्तान के बीच हाल ही में एक सीजफायर समझौता हुआ है, जिसमें दोनों देशों ने जमीन, हवा और समुद्र में सैन्य हमलों को रोकने पर सहमति जताई है। प्रधानमंत्री मोदी का यह संबोधन इस युद्धविराम के दो दिन बाद हो रहा है। यह संकेत है कि भारत अपनी सैन्य कार्रवाई के बाद भी शांति और सुरक्षा दोनों पर नजर बनाए हुए है।
ऑपरेशन सिंदूर में भारत की बड़ी सफलता
7 मई की सुबह भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकवादी ढेर हुए और पाकिस्तानी सेना के 40 जवानों को मार गिराया गया। ऑपरेशन का फोकस लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों पर था।
यह भारत का अब तक का सबसे सटीक और असरदार जवाब माना जा रहा है, जिसने पाकिस्तान की आतंकी नीतियों पर सीधा प्रहार किया है।
PM मोदी की हाई-लेवल मीटिंग्स और कूटनीतिक रणनीति
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री मोदी लगातार उच्च स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता कर रहे हैं। हाल ही में हुई एक अहम बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, NSA अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान, और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल हुए।
बैठक का मकसद पाकिस्तान की हरकतों पर नजर रखना और भारत की कूटनीतिक व सैन्य रणनीति को मजबूती देना था।
सीजफायर के बावजूद पाकिस्तान ने किया उल्लंघन
भले ही भारत और पाकिस्तान के बीच 9 मई को युद्धविराम (Ceasefire Agreement) की घोषणा हुई हो, लेकिन पाकिस्तान ने उसी दिन इसका उल्लंघन कर दिया। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी थी कि दोनों देशों ने शाम 5 बजे से सभी प्रकार की सैन्य कार्रवाई बंद करने पर सहमति जताई थी, मगर पाकिस्तान अपनी आदत से मजबूर निकला।